-हिंडन नदी में बाढ़ आने पर नाले से बैक मारता था पानी
-प्राधिकरण अधिकारियों का दावा अगले कुछ माह में पूरा हो जाएगा काम
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: बाढ़ आने पर हिंडन नदी का पानी नाले के माध्यम से बैक मारता था। इस कारण बाढ़ का पानी ग्रेटर नोएडा वेस्ट के बिसरख के आस-पास स्थित विभिन्न गांव के साथ ही सेक्टरों में भी प्रवेश कर जाता था। बाढ़ के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। गांव व सेक्टरों में बाढ़ का पानी प्रवेश न करे इसके लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने प्रयास शुरू कर दिया है। जिसके तहत बिसरख नाले पर गेट यानी रेगुलेटर लगवाया जा रहा है। निर्माण पर लगभग 10 लाख रुपए खर्च होगा। कार्य सिंचाई विभाग के द्वारा कराया जाएगा। प्राधिकरण अधिकारियों का कहना है कि अगले कुछ माह में काम पूरा हो जाएगा।
बांध पर होगा निर्माण
बिसरख नाले के माध्यम से विभिन्न गांव व सेक्टर का पानी हिंडन में गिरता है। यह नाला एमनाबाद बंध पर है। हिंडन में जब बाढ़ का पानी आ जाता है तो नाला बैक मारने लगता है। बाढ़ का पानी नाले के माध्यम से सेक्टर व गांवों में पहुंच जाता है। बाढ़ के पानी को रोकने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के द्वारा गेट का निर्माण करने का निर्णय लिया है। प्राधिकरण अधिकारियों का कहना है कि निर्माण के लिए पांच करोड़ रुपए की पहली किश्त जारी कर दी गई है। निर्माण की प्रगति को देखते हुए शेष रकम का भुगतान भी समय-समय पर करा दिया जाएगा।
