द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : थाना रबूपुरा में एक महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उसका पति दहेज में क्रेटा कार की मांग कर रहा है। मांग पूरी ना होने पर उसने उसके साथ मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

शालु त्यागी ने दर्ज कराया केस
थाना रबूपुरा के प्रभारी सुजीत उपाध्याय ने बताया कि बीती रात को शालु त्यागी पत्नी अंकुर त्यागी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वर्ष 2016 में उसकी शादी अंकुर त्यागी से हुई थी। पीड़िता के अनुसार अंकुर त्यागी जनपद मेरठ का रहने वाला है। उन्होंने बताया कि पीड़िता के अनुसार उसकी छोटी बहन की शादी दो मई वर्ष 2025 को हुई। उसके पिता ने उसकी छोटी बहन की शादी में क्रेटा कार दहेज में दिया। जबकि महिला के पिता ने उसकी शादी के समय उसे स्विफ्ट कार दहेज में दिया था। उसके बाद से उसका पति महिला को परेशान करने लगा। उसने कहा कि तेरी बहन की शादी में तेरे पिता ने क्रेटा कार दिया है, तो मुझे भी क्रेटा कार चाहिए। जब महिला ने मना किया तो उसने उसके साथ मारपीट की। पीड़ित के अनुसार उसके मौसा ने इस मामले में समझौता करवाया, लेकिन उसके बावजूद भी उसका पति अंकुर त्यागी उसका उत्पीड़न करता रहा। महिला के अनुसार 9 जून की रात को उसने उसके ऊपर हमला किया। उसे गंभीर चोट आई है। थाना प्रभारी ने बताया कि महिला की शिकायत पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।