-रजत जयंती समारोह के चौथे दिन आयोजित हुए विभिन्न कार्यक्रम
-विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकों में दक्ष बनने का संदेश
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: जीएनआईओटी कॉलेज में चल रहे रजत जयंती समारोह के चौथे दिन विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ ही आइडिया लैब की शुरूआत हुई। सांसद व उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री जगदंबिका पाल ने आइडिया लैब का उदघाटन किया। उन्होंने संस्थान द्वारा नवाचार एवं कौशल विकास की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि एआईसीटीई आइडिया लैब जैसे मंच युवाओं को आत्मनिर्भर भारत की दिशा में अग्रसर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कृत्रिम बुद्धिमत्ता के बढ़ते महत्व पर बल देते हुए विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकों में दक्ष बनने का संदेश दिया। इस अवसर पर कॉलेज के चेयरमैन डॉ. राजेश गुप्ता, वाइस चेयरमैन गौरव गुप्ता, जीआईएमएस संस्थान के सीईओ स्वदेश कुमार सिंह, जेएस रावल व विशिष्ट अतिथियों में भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा, भाजपा प्रवक्ता महामेधा नागर सहित अन्य लोग मौजूद थे।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह को और भी भव्य बना दिया। विद्यार्थियों द्वारा समूह नृत्य, समूह गायन, एकल नृत्य एवं एकल गायन की प्रभावशाली प्रस्तुतियाँ दी गईं। कार्यक्रमों की थीम महिला सशक्तिकरण, शास्त्रीय एवं अर्ध-शास्त्रीय, रेट्रो टू मेट्रो, बॉलीवुड फ्यूजन, भांगड़ा तथा दक्षिण भारतीय सांस्कृतिक झलकियों पर आधारित रही। इन प्रस्तुतियों ने भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को आधुनिक अभिव्यक्ति के साथ सुंदर रूप में प्रस्तुत किया। पुरस्कार वितरण समारोह में शैक्षणिक उपलब्धि पुरस्कार एवं सर्वश्रेष्ठ उपस्थिति पुरस्कार अतिथियों द्वारा प्रदान किए गए। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र एवं सम्मान देकर प्रोत्साहित किया गया। ब्रिज कृति प्रतियोगिता में 15 टीमों ने अभियांत्रिकी कौशल और रचनात्मक सोच का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। स्क्विड गेम प्रतियोगिता में 27 टीमों ने रणनीतिक सोच और टीमवर्क का परिचय दिया। ऑनलाइन गेमिंग प्रतियोगिता “बैटल ऑफ बाइट्स” में 52 टीमों ने तकनीकी दक्षता और विश्लेषणात्मक क्षमता का प्रदर्शन किया। विजेता टीमों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।


