-पुलिस ने 1 बाल अपचारी को भी अभिरक्षा में लिया है
-बदमाशों के पास से 5 पिस्‍टल व 6 तमंचे हुए बरामद

द न्‍यूज गली, नोएडा: फेस-एक कोतवाली पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। बदमाशों के द्वारा अवैध शस्‍त्रों की खरीद-फरोख्‍त की जाती थी। बदमाशों के साथ ही पुलिस ने एक बाल अपचारी को भी अभिरक्षा में लिया है। बदमाशों के पास से पुलिस ने हथियारों का जखीरा बरामद किया है। जिसमें 5 पिस्‍टल व 6 तमंचे शामिल हैं। बदमाशों की पहचान अभिषेक व समीर के रूप में हुई है। बदमाशों ने पुलिस को बताया कि हथियारों की बिक्री से उन्‍हें जो पैसा मिलता था उससे वह अपने शौक पूरा किया करते थे। साथ ही हथियारों को दिखाकर बदमाशों के द्वारा रौब भी झाड़ा जाता था।

इंस्टाग्राम का उपयोग
बदमाशों ने पुलिस को बताया कि अवैध पिस्टल एवं तमंचे रखने के शौकीन हैं। इन्हें अपने साथियों एवं आसपास के युवकों को दिखाकर अपना रौब जमाते थे।बदमाशों ने बताया कि अवैध पिस्‍टल लगभग 45 हजार रुपए में खरीदकर 75 हजार रुपए तक बेचते थे। साथ ही तमंचा 5 हजार रुपए तक में खरीदकर 10 हजार रुपए तक बेचते थे। हथियारों की बिक्री से जो पैसा मिलता था उससे अपने शौक एवं अन्य आवश्यकताओं की पूर्ति करते थे। बदमाश अपने परिचितों एवं ग्राहकों को यह भी बताते थे कि यदि किसी को अवैध पिस्टल या तमंचे की आवश्यकता हो तो वे उनसे सोशल मीडिया (इंस्टाग्राम) के माध्यम से संपर्क करें, उन्हें अवैध शस्त्र उपलब्ध करा देंगे।