-हेरिटेज सिटी एवं राया अर्बन सेंटर जैसे महत्‍वपूर्ण प्रोजेक्‍ट की जमीन से हटाया कब्‍जा
-अभियान में 25 हेक्‍टेयर जमीन कराई गई कब्‍जा मुक्‍त

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: जमीनों पर अवैध कब्‍जा करने वालों के खिलाफ यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण की कार्रवाई लगातार जारी है। प्राधिकरण के सीईओ राकेश कुमार सिंह के निर्देश पर प्राधिकरण द्वारा अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध धवस्तीकरण की कार्रवाई की गई। जिसमें हेरिटेज सिटी एवं राया अर्बन सेंटर जैसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स की कुल लगभग 25 हेक्टेयर भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया गया है। यह भूमि ग्राम पिपरौली खादर, अरूवा खादर एवं पानी गांव खादर की है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 1000 करोड़ रुपये आंकी गई है। जमीन पर जो भी निर्माण किया गया था सब तोड़ दिया गया। हेरिटेज सिटी मुख्यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ का ड्रीम प्रोजेक्ट है। जहां अवैध रूप से होटल, ढाबे एवं अन्य निर्माण किए जा रहे थे।


मथुरा में कार्रवाई
अधिकारियों ने बताया कि जमीनों पर से अवैध कब्‍जा हटाने की कार्रवाई लगातार जारी है। मथुरा के हेरिटेज सिटी क्षेत्र में निर्माणाधीन अवैध होटल एवं ढाबों के विरुद्ध ध्वस्तीकरण की कार्रवाई भी की गई। साथ ही यमुना नदी के किनारे लगभग दो हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी के विरुद्ध भी ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई है। हेरिटेज सिटी के कोर एरिया में ग्राम अरवा खादर एवं ग्राम पिपरौली खादर में दो बड़ी अवैध  कालोनियां निर्मित की जा रही थी जिसे तोड़ दिया गया। यह कार्रवाई यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण के विशेष कार्य अधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में, डिप्टी कलेक्टर शिव अवतार सिंह, अभिषेक शाही एवं कृष्ण गोपाल त्रिपाठी के नेतृत्‍व में हुई। कार्रवाई के दौरान 11 थानों की पुलिस फोर्स, भारी संख्या में पुलिस बल एवं पीएसी के जवान भी मौजूद थे।