-सांसद व पूर्व मंत्री डॉ. महेश शर्मा थे कार्यक्रम के मुख्य अतिथि
-कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उद्यमियों के अतिरिक्त अन्य लोगों ने लिया हिस्सा
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: इंडस्ट्रियल बिज़नेस एसोसिएशन (IBA) का स्थापना दिवस समारोह उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उ़द्यमियों के साथ ही अन्य लोगों ने हिस्सा लिया। विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद व पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा थे। इस अवसर पर डॉ. महेश शर्मा ने उद्यमिता को जुनून, परिश्रम और संघर्ष का परिणाम बताया। कहा कि एक समय ऐसा भी था जब उनके पास मेज-कुर्सी या स्कूटर खरीदने तक के संसाधन नहीं थे, लेकिन बड़ा करने का संकल्प था। मात्र 600 रुपये की पूंजी से प्रारंभ हुआ उनका सफर आज कैलाश हॉस्पिटल समूह के 11 अस्पतालों तक पहुँच चुका है, जहाँ लगभग 9,000 लोग कार्यरत हैं। उन्होंने कहा कि व्यवसाय की असली ताकत ग्राहक संतुष्टि, गुणवत्ता और विश्वास में निहित है। यदि नीयत साफ और सेवा ईमानदार हो तो सफलता स्वंय ही मार्ग बना लेती है। उन्होंने उद्यमियों से देने की भावना अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि जो रोजगार सृजित करते हैं, वही राष्ट्र निर्माण के वास्तविक भागीदार हैं।

सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध
अपर पुलिस आयुक्त राजीव नारायण मिश्रा ने उद्योग और पुलिस के मध्य समन्वय को और सुदृढ़ करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने आश्वस्त किया कि पुलिस विभाग 24 घंटे उद्योगों और नागरिकों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। औद्योगिक सुरक्षा, आगजनी या अन्य आपात स्थितियों में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाती है। आगामी महाशिवरात्रि, रमज़ान और होली जैसे पर्वों के शांतिपूर्ण आयोजन हेतु उन्होंने उद्योग संगठनों एवं आरडब्ल्यूए से सहयोग की अपील की। IBA के अध्यक्ष अमित उपाध्याय ने कहा कि इंडस्ट्रियल बिज़नेस एसोसिएशन केवल एक संगठन नहीं, बल्कि The Voice of Industry है। संस्था का उद्देश्य MSME एवं लघु उद्योगों को सशक्त मंच प्रदान करना, नई तकनीकों को बढ़ावा देना, रोजगार सृजन में योगदान देना तथा उद्योग और प्रशासन के बीच सकारात्मक संवाद स्थापित करना है। इस अवसर पर IBA द्वारा गौतम बुद्ध नगर पुलिस प्रशासन यातायात , उनकी टीम तथा मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप चौबे एवं उनकी टीम को जिले के उद्यमियों और जनमानस के प्रति उत्कृष्ट सेवाओं हेतु प्रतीक चिह्न एवं सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस उपायुक्त प्रवीण रंजन सिंह, अपर पुलिस उपायुक्त राजेंद्र कुमार गौतम, अपर पुलिस उपायुक्त मनीषा सिंह, एसीपी हेमंत उपाध्याय, एसीपी राजीव गुप्ता, उपश्रमायुक्त राकेश द्विवेदी सहित अन्य लोग मौजूद थे।
