-टेक्नोबिज अंतर-महाविद्यालयीय प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का भी हुआ आयोजन
-विभिन्‍न स्‍कूल व कॉलेजों की टीमों ने लिया हिस्‍सा

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: नॉलेज पार्क स्थित जीएनआईओटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में चल रहे रजत जयंती समारोह के तीसरे दिन अंतर-महाविद्यालयीय नृत्य प्रतियोगिता नृत्यांजलि व टेक्नोबिज अंतर-महाविद्यालयीय प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्‍न यूनिवर्सिटी व कॉलेजों की टीमों ने हिस्‍सा लिया। विद्यार्थियों ने अपनी कला और प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नागेन्द्र नाथ त्रिपाठी, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री, भाजपा, बिहार–झारखंड थे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, आत्मविश्वास एवं नेतृत्व क्षमता को सुदृढ़ करते हैं तथा युवाओं को राष्ट्र निर्माण हेतु प्रेरित करते हैं। कार्यक्रम में अन्‍य विशिष्ट अतिथियों में आशुतोष सिंह, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष, भारतीय जनता युवा मोर्चा, काशी क्षेत्र, राज कुमार मिश्रा, अपर पुलिस अधीक्षक (एसटीएफ), गौतम बुद्ध नगर, बृजेश कुमार, जिला कारागार अधीक्षक, गौतम बुद्ध नगर) तथा संजय कुमार सिंह ,प्रदेश अध्यक्ष, कारागार संगठन थे।

यह टीम बनी विजेता
नृत्य प्रतियोगिता में हंसराज कॉलेज, जानकी देवी मेमोरियल कॉलेज, गलगोटियास विश्वविद्यालय, शारदा विश्वविद्यालय तथा गवर्नमेंट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान) सहित अनेक प्रतिष्ठित महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह प्रतियोगिता लय, जुनून और उत्कृष्ट प्रस्तुति का भव्य अंतर-महाविद्यालयीय मंच बन गई।प्रतियोगिता में शास्त्रीय, अर्ध-शास्त्रीय, लोक, समकालीन एवं मिश्रित नृत्य शैलियों की आकर्षक प्रस्तुतियाँ दी गईं। प्रतिभागियों की भाव-भंगिमाओं, तालमेल एवं सशक्त मंच प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। निर्णायक मंडल द्वारा प्रतिभागियों का मूल्यांकन रचनात्मकता, तकनीकी दक्षता, विषय-वस्तु एवं समग्र प्रभाव के आधार पर किया गया। टेक्नोबिज अंतर-महाविद्यालयीय प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में कुल 15 टीमों ने सहभागिता की। कड़े मुकाबले के पश्चात जीएनआईओटी की टीम ने प्रथम स्थान तथा आईटीएस महाविद्यालय की टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। आइडियाथॉन प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने सामाजिक एवं तकनीकी समस्याओं के समाधान हेतु नवाचारी एवं व्यवहारिक विचार प्रस्तुत किए, जिसने उनकी सृजनात्मक सोच एवं टीम भावना को सुदृढ़ किया।