इंडस्ट्रियल एंट्रेपरेणुर्स एसोसिएशन ने लॉयड कॉलेज में आयोजित किया कार्यक्रम
-IPR के महत्व, पंजीकरण प्रक्रिया तथा व्यावसायिक लाभों से कराया गया अवगत

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: इंडस्ट्रियल एंट्रेपरेणुर्स एसोसिएशन (IEA) ने एमएसएमई ओखला कार्यालय के सहयोग से नॉलेज पार्क स्थित लॉयड कॉलेज में बौद्धिक संपदा अधिकार (Intellectual Property Rights – IPR) विषय पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्टार्टअप्स, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSME) को IPR के महत्व, पंजीकरण प्रक्रिया तथा इसके व्यावसायिक लाभों से अवगत कराना था। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. आरके भारती, निदेशक, एमएसएमई ओखला कार्यालय ने MSME सेक्टर में बौद्धिक संपदा अधिकारों की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने पेटेंट, ट्रेडमार्क, डिजाइन और कॉपीराइट से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ साझा कीं तथा बताया कि MSME मंत्रालय किस प्रकार उद्यमियों को IPR पंजीकरण में तकनीकी एवं वित्तीय सहायता प्रदान कर रहा है। उन्होंने उपस्थित प्रतिभागियों से सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।

नवाचारों को करें संरक्षित
इस अवसर पर लॉयड कॉलेज के निदेशक डॉ. राजीव अग्रवाल ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी और नवाचार आधारित युग में बौद्धिक संपदा अधिकार किसी भी संस्था, उद्यम या शोधकर्ता के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने उधमियों को नवाचार के साथ-साथ अपने विचारों की सुरक्षा पर भी ध्यान देने की प्रेरणा दी। IEA के अध्यक्ष संजीव शर्मा ने कहा कि भारत को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में IPR एक मजबूत स्तंभ है। यदि हमारे युवा, शोधकर्ता और उद्यमी अपने नवाचारों को सही समय पर संरक्षित करें, तो वे न केवल राष्ट्रीय बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकते हैं।

योजनाओं की दी जानकारी
ओखला कार्यालय के सहायक निदेशक सुनील कुमार ने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं से उद्यमियों को अवगत कराया और उनका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। SIDBI की AGM श्रीमती मीनाक्षी अग्रवाल ने MSME एवं स्टार्टअप्स के लिए उपलब्ध विभिन्न वित्तीय योजनाओं और ऋण सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किस प्रकार SIDBI नवाचार आधारित उद्यमों को वित्तीय सहयोग प्रदान कर उन्हें सशक्त बनाने का कार्य कर रहा है, ताकि वे अपने विचारों को व्यावसायिक रूप दे सकें। IPR के एक्सपर्ट द्वारा IPR से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तृत प्रस्तुतियाँ दी गईं। लॉयड कॉलेज के डीन एस पी द्विवेदी ने एकेडमिया और उद्योगों के बीच के अंतर को कम करने के प्रयास करने के लिए उद्यमियों द्वारा किए गए प्रयासों के लिए उनका आभार किया और स्मृति चिन्ह देकर उन्हें सम्मानित किया। इस अवसर पर
गुरदीप सिंह तुली, पीके तिवारी, नरेंद्र सोम, पीएस मुखर्जी, एचएन शुक्ला, अंकित गोयल, सुशील शर्मा, हरबीर सिंह, प्रमोद झा, महिपाल सिंह,एमपी शुक्ला, विवेक चौहान,दिनेश चौहान, सूर्यकांत तोमर, शक्तिवेश सिंह, मृत्युंजय सिंह,आदित्य सहित अन्‍य लोग मौजूद थे।