-दुर्लभ जड़ी बूटियों से तैयार की गई हवन सामग्री
-हवन के दौरान गुरुकुल की कन्याओं ने किया वेद पाठ
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: नॉलेज पार्क स्थित ईशान एजुकेशनल इंस्टीट्यूशन में विश्वव्यापी पर्यावरण की समस्या को यज्ञ द्वारा शुद्धिकरण हेतु सामवेद परायण महायज्ञ का आयोजन किया गया। यज्ञ में मेडिकल एवं कानून की पढ़ाई कर रहे कॉलेज के लगभग 800 से अधिक छात्रों ने हिस्सा लिया। हवन सामग्री को विशेष रूप से दुर्लभ जड़ी बूटियों से तैयार कराया गया था। कार्यक्रम में वैदिक रीति से शुद्ध सामग्री एवं गौग्रन्थ का प्रयोग किया गया। यज्ञ में वेद पाठ करने के लिए जयपुर, दिल्ली के नजीबाबाद आदि स्थानों के गुरुकुल की कन्याएं आई। उन्होंने बताया यज्ञ जीवन का सर्वश्रेष्ठ कर्म है, इसका उल्लेख ऋग्वेद में है ।

अच्छी होती है फसल
यज्ञ का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के साथ प्रसिद्ध विद्वान डॉ जयेन्द्र आचार्य के मार्गदर्शन में हुआ। इस दौरान उन्होंने बताया की हवन सामग्री ऋतु एवं काल के अनुसार ही होनी चाहिए। जिसमे सूक्ष्म जीवाणु समाप्त होते हैं तथा फसल अच्छी होती है। वेद मंत्रों की गूंज से पूरा परिसर आध्यात्मिक वातावरण में सराबोर रहा। यज्ञ का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों एवं आध्यात्मिक चेतना का विकास करना है। इस अवसर पर संस्थान के चेयरमैन डॉ डीके गर्ग ने कहा कि सामवेद परायण महायज्ञ जैसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक धरोहर को जीवित रखने का माध्यम हैं। इससे विद्यार्थियों में सकारात्मक ऊर्जा, अनुशासन एवं नैतिक मूल्यों का संचार होता है। उन्होंने कहा कि ईशान एजुकेशनल इंस्टीट्यूशन सदैव शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विकास को भी समान महत्व देता है।

