-जापान की दो कंपनियों ने जमीन देने की लगाई है गुहार
-निवेश से हजारों लोगों के रोजगार का सपना भी होगा पूरा
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: यमुना प्राधिकरण क्षेत्र को विश्व पटल पर चमकाने का प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का सपना तेजी से पूरा हो रहा है। क्षेत्र में तेजी से हो रहे विकास को देखते हुए राष्ट्रीय के साथ ही अंतरराष्ट्रीय कंपनियां भी निवेश के लिए लगातार सामने आ रही हैं। अब जापान की दो कंपनियों ने यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में निवेश के लिए रुचि दिखाई है। यहां पर दोनों कंपनियां लगभग 900 करोड़ से अधिक का निवेश करेंगी। साथ ही निवेश से हजारों लोगों को रोजगार भी मिलेगा। दोनों कंपनियों के प्रतिनिधियों से प्राधिकरण अधिकारियों से मुलाकात कर अपना प्रपोजल दिया है। दोनों कंपनियों ने 10-10 एकड़ जमीन मांगी है। अधिकारियों का कहना है कि शर्तों को पूरा करने के बाद दोनों कंपनी को जमीन का आवंटन जल्द कर दिया जाएगा।
कंपनी में यह होगा निर्माण
जापान की क्योवा लेदर क्लाथ व माइरा कारपोरेशन कंपनी यमुना अथॉरिटी में अपनी यूनिट लगाना चाहती है। दोनों कंपनी फोर व्हीलर गाड़ियों के नट-बोल्ट व आर्टिपफिशियल लेदर सीट बनाएंगी। दोनों कंपनी के प्रतिनिधियों से प्राधिकरण अधिकारियों से मिलकर विस्तार से अपनी योजना बताई है। साथ ही कंपनी ने अपनी प्रोजेक्ट रिपोर्ट भी सौंपी है। अब प्राधिकरण अधिकारियों के द्वारा यह सर्वे किया जा रहा है कि दोनों कंपनियों को किस सेक्टर में जमीन का आवंटन किया जाना है। क्षेत्र में दोनों कंपनियों की यूनिट लगने से हजारों लोगों को रोजगार भी मिलेगा।
