द न्‍यूज गली,ग्रेटर नोएडा : ग्रेटर नोएडा क्षेत्र के लिए यह गर्व का विषय है कि ग्राम नगला भटोना, जनपद गौतमबुद्धनगर की होनहार बेटी काजल चैधरी ने स्टाफ सिलेक्शन कमीशन (एसएससी) द्वारा आयोजित संयुक्त अनुवाद परीक्षा-2024 में ऑल इंडिया रैंक 66 प्राप्त की है। इस उपलब्धि के साथ काजल चैधरी का चयन भारतीय सशस्त्र बलों के मुख्यालय, नई दिल्ली में राजभाषा अधिकारी के पद पर हुआ है।

विगत दिनों नई दिल्ली में आयोजित रोजगार मेले में  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने काजल चैधरी को नियुक्ति पत्र प्रदान किया। यह क्षण उनके वर्षों के परिश्रम, संघर्ष और प्रतिभा की राष्ट्रीय स्तर पर पहचान का प्रतीक बना।
इस अवसर पर जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने रबूपुरा स्थित अपने आवास पर काजल चैधरी को शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम में उनके माता-पिता भी उपस्थित रहे। विधायक ने परिवार को बधाई देते हुए कहा कि काजल की सफलता के पीछे माता-पिता के त्याग, संघर्ष और विशेष रूप से माता  की प्रेरणादायक भूमिका रही है। काजल चैधरी की प्रारंभिक शिक्षा सरकारी विद्यालय से हुई। इसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातकोत्तर शिक्षा पूर्ण की। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के दौरान उन्हें आर्थिक कठिनाइयों और सामाजिक दबावों का सामना करना पड़ा, लेकिन दृढ़ संकल्प और निरंतर परिश्रम के बल पर उन्होंने यह सफलता हासिल की। विधायक धीरेन्द्र सिंह ने कहा कि काजल चैधरी की सफलता यह सिद्ध करती है कि सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थी भी देश के उच्च पदों तक पहुंच सकते हैं। आज काजल क्षेत्र की बेटियों और युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन चुकी हैं। काजल चैधरी के पिता राजमल सिंह किसान हैं, जबकि माता बबीता चैधरी गृहिणी हैं। बेटी की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।