-पतवाड़ी गांव में बेची जा रही है प्राधिकरण के नाम दर्ज जमीन
-सीईओ ने दिया लापरवाही दिखाने वाले कर्मचारियों पर कार्रवाई का निर्देश

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: कर्मचारियों की घोर लापरवाही का खामियाजा ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण को भुगतना पड़ रहा है। पतवाड़ी गांव में खसरा नंबर 371, 374 व 377 की जमीन कागजों में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के नाम दर्ज है, लेकिन एक दबंग के द्वारा प्राधिकरण की जमीन को मोटे दामों पर बेचकर करोड़ों रुपए की कमाई की जा रही है। इससे प्राधिकरण को मोटा नुकसान हो रहा है। श्‍याम सिंह भाटी, वेदपाल व शालिनी चौधरी ने मामले की शिकायत प्राधिकरण में की थी। शिकायत का संज्ञान लेते हुए प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने निर्देश दिया है कि भू माफिया के खिलाफ तत्‍काल मुकदमा दर्ज कराने के साथ ही अवैध निर्माण को ध्‍वस्‍त कराया जाए। साथ ही निर्देश दिया है कि मामले में यदि प्राधिकरण के किसी अधिकारी या कर्मचारी की मिलीभगत मिले तो उसके खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई की जाए।

यह है मामला
मामले में ग्रेटर नोएडा प्रेसक्‍लब में प्रेस वार्ता कर श्‍याम सिंह भाटी ने विस्‍तृत जानकारी दी। बताया कि पतवाड़ी गांव की जमीन का अधिग्रहण ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने 2008 में किया था। तीनों खसरा नंबर में लगभग 40 बीघा जमीन है। अधिग्रहण के बाद जमीन का करोड़ों रुपए का मुआवजा भी दे दिया गया था, साथ ही प्राधिकरण ने 6 प्रतिशत के प्‍लाट का आवंटन भी कर दिया था। वर्तमान में यह जमीन ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के नाम दर्ज है लेकिन गांव के एक दबंग ने जमीन पर कब्‍जा कर लिया है। जमीन पर विभिन्‍न निर्माण भी किया गया है। शेष जमीन को लगातार बेचा भी जा रहा है। संभावना जताई जा रही है कि अब प्राधिकरण उक्‍त जमीन पर हुए अवैध निर्माण को हटाने की कार्रवाई करेगा। अपने आदेश में सीईओ ने कहा है कि लगातार निर्देश दिए गए हैं कि प्राधिकरण क्षेत्र में कहीं पर भी अवैध निर्माण व अतिक्रमण न हो। लेकिन अधिकारियों व कर्मचारियों के द्वारा आदेशों का उल्‍लंघन किया जा रहा है।