-289 एकड़ भूमि पर स्‍थापित होगा एआई कंप्यूट हब
-एएम ग्रुप और INVEST UP के बीच हुआ MOU

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में विदेशी निवेश करने की दिशा में प्राधिकरण अधिकारियों को बड़ी सफलता मिली है। एएम ग्रुप और INVEST UP के बीच हुआ MOU हुआ है। जिसके तहत 25 बिलियन अमेरिकी डॉलर का निवेश होगा। भारतीय करेंसी में यह रकम लगभग 2 लाख 26 हजार 507 करोड़ रुपए होगी। करार के तहत प्राधिकरण क्षेत्र में 1 गीगावॉट (GW) हाई परफॉर्मेंस कंप्यूट (HPC) एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) हब की स्थापना होगी।प्राधिकरण ने सेक्टर 28 में 114 एकड़ तथा सेक्टर 8D में 175 एकड़ भूमि के लिए लेटर ऑफ इंटेंट (LOI) जारी कर दिया है। प्राधिकरण क्षेत्र में लगातार हो रहे निवेश में इसे अब तक का सबसे बड़ा विदेशी निवेश माना जा रहा है।

मिलेगा रोजगार
एएम ग्रुप ग्रीनको ग्रुप के संस्थापकों द्वारा समर्थित एक अग्रणी ऊर्जा संक्रमण एवं प्रौद्योगिकी प्लेटफॉर्म है। जिनके द्वारा अत्याधुनिक एआई इंफ्रास्ट्रक्चर हब यमुना एक्सप्रेसवे प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में स्थापित किया जाएगा, जिसमें लगभग 25 बिलियन अमेरिकी डॉलर का निवेश किया जाएगा। परियोजना को चरणबद्ध तरीके से विकसित किया जाएगा। 2028 तक प्रारंभिक संचालन शुरू होगा तथा वर्ष 2030 तक पूर्ण 1 गीगावॉट क्षमता हासिल करने का लक्ष्य है। भारत में एआई और हाई-परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग की बढ़ती मांग को देखते हुए यह हब वैश्विक हाइपरस्केलर्स, अनुसंधान संस्थानों, उद्यमों तथा भारत की संप्रभु एआई पहलों की जरूरतों को बड़े पैमाने पर और तीव्र गति से पूरा करेगा। यह सुविधा पूरी तरह कार्बन-फ्री ऊर्जा समाधान पर आधारित होगी। स्‍थापना से भारतीय डेवलपर समुदाय को अत्याधुनिक चिपसेट्स तक व्यापक पहुंच उपलब्ध कराएगी, जिससे घरेलू और वैश्विक स्तर पर एआई समाधान विकसित करने में तेजी आएगी। ज्ञात हो कि यह ग्रुप वर्तमान में 20 से अधिक राज्यों में 50 गीगावॉट ऊर्जा अवसंरचना विकसित कर रहा है तथा 100 GWh ऊर्जा भंडारण क्षमता वाला विश्व का पहला इंटरकनेक्टेड ऊर्जा भंडारण समाधान तैयार कर रहा है।

एएमजी हरित अमोनिया, ग्रीन एल्यूमीनियम, ई-मेथनॉल, ओलेफिन्स, बायोफ्यूल्स और सतत विमानन ईंधन जैसे नेट-जीरो उत्पादों के विकास में भी अग्रणी भूमिका निभा रहा है। एआई कंप्यूट हब की स्‍थापना से हजारों लोगों को रोजगार मिलेगा।