-स्‍टार्टअप के माध्‍यम से बड़ी संख्‍या में युवाओं को मिला रोजगार
-लॉयड इन्क्यूबेशन में स्‍टार्टअप के सपनों को मिल रही गति

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: सरकार का प्रयास है कि स्‍टार्टअप के माध्‍मय से अधिक से अधिक युवा उद्यमी बनें और अपने सपनों को साकार करें। जिससे लाखों युवाओं को रोजगार का नया अवसर मिले। सरकार की इस योजना को लॉयड इन्क्यूबेशन सेंटर आगे बढ़ा रहा है। लॉयड ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के अंतर्गत संचालित लॉयड इन्क्यूबेशन (LTBIF) ने नवाचार, स्टार्टअप विकास और उद्यमिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए मात्र एक वर्ष में 56 से अधिक स्टार्टअप्स को पंजीकृत एवं इन्क्यूबेट किया है। यह उपलब्धि क्षेत्र के उभरते हुए स्टार्टअप इकोसिस्टम में लॉयड इन्क्यूबेशन की सशक्त भूमिका को दर्शाती है। इन स्टार्टअप्स में से अधिकांश आधुनिक तकनीकों जैसे कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), हेल्थ-टेक, एग्री-टेक, एड-टेक, डिजिटल समाधान एवं अन्य प्रौद्योगिकी आधारित क्षेत्रों में कार्य कर रहे हैं। यह स्टार्टअप्स केवल व्यावसायिक अवसर नहीं बना रहे, बल्कि समाज और अर्थव्यवस्था से जुड़ी वास्तविक चुनौतियों के समाधान विकसित कर रहे हैं।

सपने हो रहे साकार
ग्रुप डायरेक्टर, लॉयड ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस न डॉ. वंदना अरोड़ा सेठी ने कहा कि लॉयड ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस का उद्देश्य केवल शिक्षा प्रदान करना नहीं, बल्कि ऐसे नवाचारकर्ताओं, उद्यमियों और भविष्य के नेतृत्वकर्ताओं का निर्माण करना है जो समाज और उद्योग की वास्तविक चुनौतियों का समाधान प्रस्तुत कर सकें। लॉयड इन्क्यूबेशन हमारी इसी दीर्घकालिक दृष्टि का विस्तार है। हमारा विश्वास है कि भारत का भविष्य नवाचार, उद्यमिता और युवाओं की समस्या-समाधान क्षमता से निर्मित होगा। हम ऐसा इकोसिस्टम विकसित कर रहे हैं जहाँ एक विचार केवल विचार बनकर न रह जाए, बल्कि सही मार्गदर्शन, अनुभवी मेंटर्स, उद्योग सहयोग और आवश्यक संसाधनों के माध्यम से एक सफल उद्यम का रूप ले सके। डॉ.एसपी द्विवेदी, डीन अनुसंधान एवं विकास (R&D), एलआईईटी एवं लॉयड इन्क्यूबेशन के मेंटर ने बताया कि लॉयड इन्क्यूबेशन को उत्तर प्रदेश स्टार्टअप नीति के अंतर्गत 2.5 करोड़ की अनुदान राशि प्राप्त हुई है, जिसके माध्यम से स्टार्टअप्स के लिए एक नए एवं अत्याधुनिक इन्क्यूबेशन विंग का विकास किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त संस्थान को एमएसएमई हैकाथॉन के अंतर्गत 40 लाख तथा विभिन्न स्टार्टअप प्रोत्साहन योजनाओं के अंतर्गत 37.5 लाख की अतिरिक्त स्वीकृतियां भी प्राप्त हुई हैं। उन्होंने कहा कि इन संसाधनों के माध्यम से अधिक से अधिक युवा उद्यमियों को व्यवसाय विकास, तकनीकी सहायता, निवेशकों तक पहुंच तथा विशेषज्ञ मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे उत्तर प्रदेश में नवाचार और उद्यमिता को नई गति मिलेगी। इस अवसर पर डॉ. रिपुदमन गौर, डीन, लॉयड बिजनेस स्कूल ने कहा कि भारत के युवाओं में नवाचार की अपार क्षमता है। आवश्यकता केवल ऐसे पारिस्थितिकी तंत्र की है जो विचारों को अवसरों में और अवसरों को सफल उद्यमों में बदल सके। लॉयड इन्क्यूबेशन शिक्षा, उद्योग और उद्यमिता के बीच एक सशक्त सेतु का निर्माण कर रहा है।