
-अल्फा 2 सेक्टर के सामुदायिक केंद्र में आयोजित हुआ सामूहिक विवाह कार्यक्रम
-बड़ी संख्या में शहर के लोगों ने पहुंचकर दंपति को दिया आशीर्वाद
द न्यूज़ गली, ग्रेटर नोएडा: महिला शक्ति समय-समय पर अपनी शक्ति का लोहा मनवाती रहती है। कुछ ऐसा ही लोहा महिला शक्ति उत्थान मंडल की महिलाओं के द्वारा लगातार 9 वर्ष से बनवाया जा रहा है। महिला शक्ति उत्थान मंडल की महिलाओं के द्वारा गरीब परिवारों की लड़कियों का विवाह धूमधाम से आयोजित किया जाता है। खास बात है कि कार्यक्रम में विवाह की सारी रस्में होती हैं। महिलाओं के द्वारा ही गीत, संगीत, मेहंदी, हल्दी , विवाह व अन्य रस्मों को विधि विधान पूर्वक आयोजित किया जाता है। लड़कियों को विदाई में गृहस्थी का सारा सामान भी दिया जाता है। लगातार 9 वर्षों से सामूहिक विवाह का कार्यक्रम निरंतर चल रहा है। इस वर्ष अल्फा 2 सेक्टर के सामुदायिक केंद्र में सामूहिक विवाह का आयोजन महिला शक्ति उत्थान मंडल के द्वारा किया गया। जहां पर बड़ी संख्या में शहर के लोगों ने पहुंचकर नव दंपति को आशीर्वाद दिया।
11 जोड़ों का कराया विवाह
महिला शक्ति उत्थान मंडल की महिलाओं के द्वारा सामूहिक विवाह की तैयारी पिछले लगभग एक माह से की जा रही थी। शहर के कुछ संगठनों ने भी इसमें अपना योगदान दिया। विवाह के सारे सामान की खरीदारी भी महिलाओं के द्वारा स्वयं की गई। विभिन्न कार्य की जिम्मेदारी टीम बनाकर अलग-अलग महिलाओं को दी गई थी। इस वर्ष 11 जोड़ों का विवाह कराया गया। कार्यक्रम आयोजन के दौरान समिति की महिलाओं में गजब का जोश देखने को मिला। दी गई जिम्मेदारियां को महिलाओं ने पूरी शिद्दत के साथ निभाया। विदाई के दौरान समिति की महिलाओं के आंसू भी छलक आए।