-जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय से जारी हुआ नोटिस
-पंजीकरण न कराने पर बंद होंगे कोचिंग संस्थान
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: जिले में कोचिंग संचालकों के द्वारा पिछले लंबे समय से बड़ा फर्जीवाड़ा किया जा रहा था। सरकार की आंखों में धूल झोंककर बिना पंजीकरण कराए ही कोचिंग का संचालन कर रहे थे। जांच में सामने आया है कि 14 कोचिंग संस्थानों ने कोचिंग का पंजीकरण नहीं कराया था। मामला पकड़ में आने के बाद जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर के द्वारा सभी कोचिंग संचालकों को नोटिस जारी किया गया है। निर्देश दिया गया है कि जल्द से जल्द अपने-अपने कोचिंग संस्थान का पंजीकरण करा लें। जिन संचालकों के द्वारा पंजीकरण नहीं कराया जाएगा उन कोचिंगों में ताला लग जाएगा।
चल रहा था खेल
बिना पंजीकरण लंबे समय से कोचिंग चलाने का मामला पकड़ में आने के बाद जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय के कर्मचारियों पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। सवाल है इतने लंबे समय से बिना पंजीकरण कोचिंग का संचालन कैसे हो रहा था। जारी किए गए नोटिस में हाल ही में लखनऊ की कोचिंग में हुए हादसे में 15 लोगों की मौत का हवाला भी दिया गया है। नोटिस में निर्देश दिया गया है कि पंजीकरण कराने के साथ ही फायर विभाग से एनओसी में प्राप्त कर लें।
