-एसपीजी ने संभाली उदघाटन स्‍थल पर सुरक्षा की कमान
-सभी तैयारियों को दिया गया अंतिम रूप

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: गौतम बुद्ध नगर के लोगों का वर्षों का सपना शनिवार को पूरा हो जाएगा। एशिया के सबसे बड़े नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उदघाटन 28 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व उत्‍तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ करेंगे। उदघाटन की तैयारियों को शुक्रवार को अंतिम रूप दिया गया। उदघाटन कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के आने को लेकर लोगों में उत्‍साह है। ऐसे में बड़ी संख्‍या में लोगों ने कार्यक्रम स्‍थल पर जाने की तैयारी कर ली है। पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों के साथ ही जनप्रतिनिधियों ने भी शुक्रवार को उदघाटन कार्यक्रम स्‍थल का निरीक्षण किया। उदघाटन की सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया।

जुटेगी 2 लाख से अधिक भीड़
प्रस्‍तावित कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ 28 मार्च को दिन में 11.30  पर नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उदघाटन करेंगे। उदघाटन के बाद लगभग 12 बजे कार्यक्रम स्‍थल पर ही विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे। लोगों के उत्‍साह को देखते हुए जनसभा में 2 लाख से अधिक भीड़ जुटने की संभावना है। शुक्रवार को कार्यक्रम स्‍थल पर रिहर्सल कर उदघाटन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। उदघाटन स्‍थल पर एसपीजी ने सुरक्षा की कमान संभाल ली है। कार्यक्रम स्‍थल पर सुरक्षा के मद्देनजर लगभग 5 हजार जवान तैनात रहेंगे। साथ ही 300 से अधिक सीसीटीवी भी लगाए गए हैं। कार्यक्रम में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो इसके लिए हजारों गाडि़यों के लिए पार्किंग बनाई गई है। लोगों की सुविधा के लिए जगह-जगह पानी व शौचायल की भी व्‍यवस्‍था की गई है। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए पुलिस ने ट्रैफ‍िक एडवाइजरी भी जारी कर दी है।