द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : उत्तर प्रदेश में बहुप्रतीक्षित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर एयरपोर्ट) अब औपचारिक रूप से उड़ान भरने के लिए तैयार हो गया है। आज शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और CM योगी आदित्यनाथ ने इसका उद्घाटन किया, जिसके साथ ही राज्य के एविएशन सेक्टर में एक नए युग की शुरुआत मानी जा रही है।
एयरपोर्ट के पहले चरण (फेज-1) का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। इस चरण में अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस 3900 मीटर लंबा रनवे, उन्नत नेविगेशन सिस्टम और ऑल-वेदर ऑपरेशन की क्षमता विकसित की गई है। शुरुआती चरण में यह एयरपोर्ट प्रतिवर्ष लगभग 1.2 करोड़ यात्रियों के आवागमन को संभाल सकेगा। इसे कुल पांच चरणों में विकसित किया जाना है, जिससे भविष्य में इसकी क्षमता कई गुना बढ़ाई जाएगी। यह एयरपोर्ट दिल्ली से करीब 80 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के लिए एक अहम हवाई केंद्र के रूप में उभरेगा।
उद्घाटन समारोह के बाद प्रधानमंत्री ने एक विशाल जनसभा को भी संबोधित किया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति रही, जिसे देखते हुए प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने व्यापक इंतजाम किए थे। पूरे क्षेत्र को बहु-स्तरीय सुरक्षा घेरे में रखा गया था और चप्पे-चप्पे पर पुलिस व सुरक्षा बलों की तैनाती की गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी इस दौरान मौजूद रहे। कार्यक्रम स्थल और आसपास के इलाकों में कड़ी निगरानी रखी गई, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या सुरक्षा में चूक न हो। यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए भी विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया। प्रशासन ने यमुना एक्सप्रेसवे और नोएडा एक्सप्रेसवे पर भारी वाहनों के संचालन पर अस्थायी रोक लगा दी। यह प्रतिबंध शनिवार सुबह 7 बजे से लागू होकर लगभग 16 घंटे तक प्रभावी रहा। इस दौरान भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्गों की ओर डायवर्ट किया गया, ताकि वीआईपी मूवमेंट और आम जनता को किसी तरह की असुविधा न हो। प्रशासन ने लोगों से अपील की कि वे जारी ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करें और अनावश्यक यात्रा से बचें।
इस ऐतिहासिक मौके को लेकर स्थानीय प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा और आयोजन को सफल बनाने के लिए हर स्तर पर तैयारी सुनिश्चित की गई। जेवर एयरपोर्ट के शुरू होने से न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि पूरे उत्तर भारत की कनेक्टिविटी और आर्थिक विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
