द न्यूज गली, नोएडा : थाना फेज-3 क्षेत्र के सेक्टर-66 स्थित मामूरा गांव में सोमवार देर रात 11 बजे जूते की एक दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। दमकलकर्मियों की तत्परता से आग को आसपास की दुकानों और रिहायशी इमारतों तक फैलने से रोक लिया गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, हालांकि दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।

चीफ फायर ऑफिसर प्रदीप कुमार ने बताया कि सोमवार रात करीब 10:48 बजे गली नंबर-5 स्थित जूते की दुकान में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही नजदीकी फायर स्टेशन से तीन दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। दमकलकर्मियों ने तत्काल होज पाइप बिछाकर पंपिंग शुरू की और आग पर चारों तरफ से पानी की बौछार कर उसे बुझाने का प्रयास शुरू किया। जूते और अन्य ज्वलनशील सामान के कारण आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। दमकलकर्मियों ने लगातार पानी की बौछार कर आग को नियंत्रित किया और करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद आग पूरी तरह बुझा दी। समय रहते आग पर काबू पाए जाने से आसपास की दुकानों और रिहायशी इमारतों में आग फैलने से बच गई। फायर विभाग के अनुसार, हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। दुकान में रखा काफी सामान आग की चपेट में आने से जलकर राख हो गया। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।