-दोनों जिलों के अधिकारियों ने किया टेबल टॉप सर्वे
-बैठक में दोनों जिलों के सीमा ग्रामों के लेखपाल व राजस्व टीम रही उपस्थित
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: गौतमबुद्धनगर की सीमा फरीदाबाद से लगी हुई है। दोनों जिलों के बार्डर पर जमीनों के सीमांकन को लेकर काफी विवाद हैं। यह विवाद दोनों जिलों के किसानों के बीच कई बार लड़ाई के रूप में भी सामने आ चके हैं। इन विवादों को निपटाने के लिए गौतमबुद्धनगर की डीएम मेधा रूपम एवं एडीएम फरीदाबाद अंजलि श्रोत्रिय आईएएस की अध्यक्षता में भूमि के नामांतरण एवं सीमांकन से संबंधित बैठक का आयोजन कलेक्ट्रेट में किया गया। बैठक में फरीदाबाद व गौतम बुद्ध नगर की समस्त राजस्व टीम, फरीदाबाद के अधिकारियों के साथ -साथ भारतीय रक्षा मंत्रालय के अधिकारियों ने भी भाग लिया।

गठित होगी टीम
बैठक में दोनों जिलों के अधिकारियों ने जमीनों के अपने-अपने दस्तावेज दिखाए। बैठक में अधिकारियों ने निर्णय लिया कि किसानों का हित सर्वोपरि रहेगा एवं जॉइंट रूप से टॉपोग्राफी सर्वे व पैमाइश भूमि की पहचान के लिए गौतम बुद्ध नगर और फरीदाबाद के राजस्व अधिकारियों की संयुक्त टीम गठित की जाएगी। यह टीम आधुनिक तकनीक (टीएसएम विधि) द्वारा भूमि का सर्वे एवं सीमांकन करेगी। साथ ही निर्णय लिया गया कि रक्षा संपदा अधिकारी, नई दिल्ली से तकनीकी सहयोग व सर्वेयर टीम लिया जाएगा तथा दोनों ज़िलो की संयुक्त टीम 15 दिनों में अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। बैठक में ग्रुप कैप्टन निशांत शर्मा (स्टेशन कमांडेंट, तिलपत), एडीएम बच्चू सिंह, अपर जिलाधिकारी, न्यायिक पियंका, चारूल यादव सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
