-मंत्री ने की सती मंदिर और खेड़ा दैवत मंदिर के विकास के लिए राशि देने की घोषणा
-विधायक धीरेंद्र सिंह के प्रस्‍ताव पर राशि देने की घोषणा

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: जेवर और दादरी विधानसभा के पर्यटन के विकास कार्यों के लोकार्पण और शुभारंभ के मौके पर जेवर विधानसभा के ग्राम भाईपुर ब्रह्मनान स्थित नानकेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्‍तर प्रदेश के पर्यटन और संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह और जेवर के विधायक धीरेंद्र सिंह ने महादेव मंदिर में पूजा अर्चना कर, देशवासियों की खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर पर्यटन विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यों का शुभारंभ एवं लोकार्पण भी किया गया। जेवर विधानसभा के ग्राम सिरसा माचीपुर मां भूड़ा वाली मंदिर के पर्यटन विकास के लिए 1 करोड़ 5 लाख रूपए की लागत से होने वाले कार्यों का शुभारंभ मंत्री जयवीर सिंह और धीरेन्द्र सिंह ने किया। साथ ही जेवर क्षेत्र में 50 लाख रुपए की धनराशि से जावली ऋषि मंदिर के सौंदर्यीकरण कार्यों का लोकार्पण किया गया। वहीं ग्राम भाईपुर ब्रह्मनान स्थित नानकेश्वर महादेव मंदिर के विकास कार्यों का 81 लाख रुपए की लागत से लोकार्पण भी किया गया। इन कार्यों से क्षेत्र के धार्मिक स्थलों का विकास होने के साथ-साथ पर्यटन को भी नई दिशा मिलेगी। साथ ही दादरी विधानसभा के ग्राम वाजिदपुर में प्राचीन बेरी वाले मंदिर के पर्यटन के विकास के लिए 1 करोड़ 17 लाख रुपए के कार्य का शुभारंभ किया और दादरी के ग्राम सोनपुर भोला रावल स्थित प्राचीन बाबा भोला सिद्ध शिव में कराए गए कार्यों का लोकार्पण भी किया गया। मंत्री ने कासना स्थित सती मंदिर और दनकौर के खेड़ा दैवत मंदिर को भी धनराशि विधायक धीरेंद्र सिंह के प्रस्ताव पर दिए जाने की घोषणा की।

देखने को मिला परिवर्तन
जयवीर सिंह ने कहा कि 2017 से पहले और 2017 के बाद के उत्तर प्रदेश में स्पष्ट परिवर्तन देखने को मिला है। पहले की सरकारों में पर्यटन और संस्कृति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर ध्यान नहीं दिया जाता था, यहां तक कि लोग पर्यटन मंत्री को भी ठीक से नहीं जानते थे, लेकिन आज प्रदेश में सनातन संस्कृति के पुनरोद्धार और पर्यटन के व्यापक विकास के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। उन्‍होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का नेतृत्व न होता, तो अयोध्या में प्रभु श्रीराम के मंदिर का निर्माण संभव नहीं हो पाता। पिछले वर्ष आयोजित भव्य कुंभ में पूरी दुनिया ने भारत की सनातन संस्कृति की अद्भुत छटा देखी। साथ ही वृंदावन के समग्र विकास की दिशा में भी तेजी से कार्य हो रहा है और आने वाले समय में वहां भी भव्य परिवर्तन देखने को मिलेगा। धीरेंद्र सिंह ने कहा कि आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में वही जेवर पूरे विश्व के मानचित्र पर गौरव के साथ स्थापित हो रहा है। यहां विश्वस्तरीय नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बनकर तैयार हो रहा है, जो क्षेत्र के आर्थिक और औद्योगिक विकास का नया अध्याय लिखेगा। साथ ही जेवर में प्रस्तावित फिल्म सिटी भी उत्तर भारत के हजारों प्रतिभाशाली युवाओं के लिए नए अवसरों के द्वार खोलेगी। अब उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए मुंबई जाने की मजबूरी नहीं होगी, बल्कि उन्हें यहीं विश्वस्तरीय मंच उपलब्ध होगा।