
-जिले में चलाया जा रहा है 90 दिनों का अभियान, राजकीय इंटर काॅलेज की छात्राओं को भी किया गया जागरूक
-महिला बीट अधिकारी निभा रही अहम भूमिका, पुलिस अभिभावक की भूमिका में तैनात
द न्यूज गली, नोएडा: पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने मिशन शक्ति 5.0 के तहत महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए एक विशेष अभियान चलाया है। इस अभियान के अंतर्गत, महिला बीट अधिकारियों ने स्थानीय महिलाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
90 दिनों का है अभियान
यह अभियान 90 दिनों का है और शारदीय नवरात्र के दौरान चलाया जा रहा है। महिला पुलिसकर्मी विभिन्न स्थानों पर महिलाओं और बच्चियों से बातचीत करते हुए उन्हें महिला सशक्तिकरण, अपराधों के बारे में जानकारी, और शासन द्वारा चलाए जा रहे कार्यक्रमों के बारे में जागरूक कर रही हैं।
हेल्पलाइन नंबर की दी जानकारी
महिला सुरक्षा टीम ने हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी और महिलाओं को घरेलू हिंसा या लैंगिक अपराध की शिकायत करने के लिए प्रोत्साहित किया। सभी थानों में महिला हेल्प डेस्क को भी गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। इस प्रकार अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूक करना है।