द न्यूज गली, नोएडा : मिशन शक्ति अभियान 6.0 के तहत बुधवार को सेक्टर-62 स्थित वन स्टॉप सेंटर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान संरक्षण प्राप्त कर रही बालिकाओं को नवरात्र और दीपावली के अवसर पर उपहार एवं खाद्य सामग्री वितरित की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं में सुरक्षा का भाव मजबूत करने के साथ उन्हें उनके अधिकारों और सहायता सेवाओं के प्रति जागरूक करना रहा।पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस उपायुक्त महिला सुरक्षा सुनिति और अपर पुलिस उपायुक्त महिला सुरक्षा मनीषा सिंह ने बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया। अधिकारियों ने वन स्टॉप सेंटर के स्टाफ और बालिकाओं के साथ ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ थीम पर प्रेरक गीत भी गाया।इस दौरान महिलाओं और बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों, आपातकालीन सहायता सेवाओं और विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने उपलब्ध सहायता सेवाओं का जरूरत पड़ने पर उपयोग करने के लिए भी जागरूक किया।कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस की ओर से मिशन शक्ति अभियान 6.0 के तहत महिला सुरक्षा, यातायात जागरूकता और सामुदायिक सहभागिता से जुड़े कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं।
