-गांव में सड़क, नाली सहित कराए जाएंगे अन्य विकास कार्य
-गांव के लोगों ने तेजपाल नागर का जताया आभार
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: दादरी विधानसभा के पाली गांव में विधायक तेजपाल नागर के प्रयास से 207.37 लाख रुपए का विकास कार्य कराया जाएगा। इन पैसों से गांव में सड़क, नाली व अन्य विकास कार्य होंगे। ग्रामीणों के द्वारा विकास कार्य कराए जाने की मांग पिछले लंबे समय से की जा रही थी। गांव में आयोजित हुए कार्यक्रम में तेजपाल नागर ने विकास कार्यों का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। विकास कार्यों का लोकार्पण होने पर ग्रामीणों ने विधायक का आभार जताया।

विकास की बह रही गंगा
इस अवसर पर विधायक तेजपाल सिंह नागर ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में दादरी विधानसभा क्षेत्र में निरंतर विकास की गंगा बह रही है। ग्राम पाली में कराए गए विकास कार्य क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता गांवों में मूलभूत सुविधाओं—सड़क, नाली, पेयजल, विद्युत एवं अन्य आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करना है, ताकि ग्रामीणों को बेहतर जीवन स्तर मिल सके। विधायक ने कहा कि प्रत्येक गांव और प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने ग्रामवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता का विश्वास और सहयोग ही विकास की सबसे बड़ी शक्ति है। कार्यक्रम में प्रधान बालकिशन , जयपाल प्रधान, बिन्ति प्रधान, जनराम प्रधान, अजय, राधेश्याम, राजू भाटी, तुषार भाटी, गुरु देव भाटी, अमरीश भाटी, ईश्वर भाटी, कुलदीप नागर सहित अन्य लोग मौजूद थे।

