-घनी आबादी को देखते हुए ग्रेटर नोएडा वेस्‍ट में जल्‍द मेट्रो चलवाने की मांग
-उच्च शिक्षा के लिए दादरी में मिहिर भोज यूनिवर्सिटी की स्‍थापना कराने की मांग

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: विधायक तेजपाल नागर ने विधानसभा में गौतम बुद्ध नगर के हजारों किसानों की समस्‍याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्‍होंने कहा कि किसानों की समस्‍याएं पूर्व की सरकारों द्वारा दहेज में दी गई हैं। उन समस्‍याओं के निराकरण के लिए मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ के नेतृत्‍व में प्रदेश सरकार लगातार काम कर रही है। इसके लिए एक हाईपावर कमेटी का गठन किया गया था। किसानों के हित में कमेटी ने कई संस्‍तुति की है, उसे तत्‍काल लागू किया जाए। विधायक ने कहा कि जिले के किसानों का मुआवजा पिछले लंबे समय से नहीं बढ़ा है। मुआवजा बढ़ाए जाने की मांग किसानों के द्वारा लगातार की जा रही है। ऐसे में किसानों की मांग को पूरा करते हुए मुआवजा बढ़ाया जाए।

मेट्रो चलवाने की मांग
विधायक तेजपाल नागर ने कहा कि दादरी विधानसभा में फ्लैटों की संख्‍या सबसे अधिक है। ग्रेटर नोएडा वेस्‍ट में लाखों की संख्‍या में लोग रहते हैं, लेकिन वहां पर मेट्रो की सुविधा नहीं है। ऐसे में ग्रेटर नोएडा वेस्‍ट को जोड़ते हुए जल्‍द मेट्रो चलवाई जाए। कहा कि विधानसभा क्षेत्र में कई कच्‍ची कॉलोनियां हैं, जहां पर हजारों की संख्‍या में भारतीय गरीब परिवार रहते हैं। उन कॉलोनियों में जाने का रास्‍ता व पानी निकासी की व्‍यवस्‍था नहीं है। मांग की कि रास्‍ते के लिए इंटर लॉकिंग टाइल्‍स लगवाई जाए और पानी निकासी की व्‍यवस्‍था की जाए। उच्च शिक्षा के लिए दादरी में मिहिर भोज यूनिवर्सिटी की स्‍थापना कराने की मांग। तेजपाल नागर ने कहा कि हाल ही में नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्‍सप्रेस वे पर एक कार पानी में गिर गई थी। जिसमें होनहार इंजीनियर युवराज मेहता की मौत हो गई थी। ऐसी घटना दोबारा न हो इसे देखते हुए जिले में एनडीआरएफ की यूनिट बढ़ाई जाए।