-ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीवर विभाग ने 202 सोसायटी को जारी किया था नोटिस
-प्राधिकरण की टीम जल्‍द ही अन्‍य सोसायटी में शुरू करेगी जांच

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीवर विभाग ने कुछ सप्‍ताह पूर्व 202 सोसायटी को नोटिस कर जारी कर एसटीपी की समुचित क्षमता व सुचारू उपयोग पर जवाब मांगा गया था। लगभग 35 सोसायटी ने ही जवाब दिया था। प्राधिकरण टीम को अन्‍य सोसायटी के जवाब का अभी भी इंतजार है। अजनारा होम्‍स सोसायटी में घोर लापरवाही मिलने पर प्राधिकरण ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 54 लाख रुपए का जुर्माना लगाया था। प्राधिकरण की कार्रवाई के बाद जवाब न देने वाली सोसायटी प्रबंधन में हलचल मच गई है। उन्‍हें भी भारी जुर्माने का डर सता रहा है। प्राधिकरण अधिकारियों का कहना है कि जल्‍द ही अन्‍य सोसायटी में भी जांच की जाएगी, लापरवाही मिलने पर जुर्माना लगाया जाएगा।

इस मामले में मांगा था जवाब
सीवर विभाग ने नोटिस जारी कर सोसायटी प्रबंधन से जवाब मांगा था कि शोधित सीवेज पानी का उपयोग पेड़-पौधों की सिंचाई में कर रहे हैं या नहीं, सोसायटी में कितने लोग रह रहे हैं। जिन 35 सोसायटी ने जवाब दिया था प्राधिकरण की टीम ने सोसायटी में पहुंचकर जांच की थी। जांच में 25 सोसायटी में लापरवाही मिली थी। प्राधिकरण ने सभी सोसायटी पर पांच-पांच लाख रुपए का जुर्माना लगाया था। इसमें अजनारा होम्‍स सोसायटी भी शामिल थी। जुर्माना लगाने के बाद भी सोसायटी में व्‍यवस्‍थाओं में सुधार नहीं हुआ। कुछ लोगों ने प्राधिकरण में शिकायत की थी सीवर के पानी के बेसमेंट में गिराया जा रहा है। जांच में शिकायत सही मिली थी, जिसके बाद प्राधिकरण ने सोसायटी पर बड़ा जुर्माना लगाया। अन्‍य सोसायटी में भी पहुंचकर प्राधिकरण की टीम जल्‍द जांच करेगी।