-कुट्टू का आटा खाने के बाद लोगों को हुई पेट में दर्द व उल्टी की शिकायत
-प्राथमिक उपचार के बाद कुछ मरीजों को दी गई छुट्टी, अन्य का चल रहा उपचार
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: खाद्य सुरक्षा विभाग की लापरवाही एक बार फिर 50 से अधिक लोगों पर भारी पड़ गई। कुट्टू का आटा खाने से ग्रेटर नोएडा वेस्ट की तीन सोसायटी के लगभग 50 लोग बीमार हो गए। सभी को पेट में दर्द, उल्टी, चक्कर आना व अन्य दिक्कत हुई। आनन-फानन में देर रात बीमार लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद कुछ लोगों को छुट्टी दी जबकि कई अन्य का उपचार अस्पताल में चल रहा है। बीमार लोगों ने जहां से कुट्टू का आटा खरीदा था खाद्य विभाग की टीम ने वहां से आटे का नमूना लिया है। साथ ही कुछ आटा सीज भी कराया है। ज्ञात हो कि लगभग एक साल पूर्व भी कुट्टू का आटा खाने से लॉयड व कुछ अन्य कॉलेज के 200 से अधिक छात्र भी बीमार हो गए थे।
इस सोसायटी में बीमार हुए लोग
रविवार को महा शिवरात्री थी, इस कारण बड़ी संख्या में लोग व्रत थे। शाम को पूजा के बाद लोगों ने कुट्टू के आटे से बनी चीजें खाई थीं। जिसे खाने के लगभग आधे घंटे बाद ही लोग बीमार होने लगे। कई परिवार में तो सभी लोग बीमार हो गए। बीमार होने वालों में ग्रेटर नोएडा वेस्ट की ईकोविलेज-3, हिमालया प्राइड व रायल कोर्ट में रहने वाले लोग थे। लोगों ने बताया कि उन्होंने पास की दुकान से ही कुट्टू का आटा लिया था। कुछ लोगों ने पैकेट का तो कुछ ने खुला आटा लिया था। खाद्य विभाग की टीम सभी दुकान से कुट्टू के आटे का नमूना एकत्र कर रही है।
