-परिणाम देखने के बाद मुस्कान की आंखों में आए आंसू
-सफलता पर परिवार के साथ ही ग्रामीणों ने जताई खुशी
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: दिल से की गई मेहनत को सफलता अवश्य मिलती है। इस बात को साबित किया है दादरी के गांव सादोपुर की रहने वाले मुस्कान वर्मा ने। UPSC परीक्षा में मुस्कान ने ऑल इंडिया रैंक–771 प्राप्त की है। परिणाम देखने के बाद मुस्कान के साथ ही परिवार व गांव के लोग खुश हो गए। सभी लोगों ने मुस्कान को बधाई दी। मुस्कान की सफलता पर परिवार के साथ ही गांव में भी जश्न मनाया गया। परीक्षा उत्तीर्ण कर मुस्कान ने अपने परिवार, गांव और क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है। मुस्कान की सफलता से गांव की अन्य बेटियों और युवाओं को भी प्रेरणा मिलेगी कि कड़ी मेहनत और लगन से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
दो बहन हैं मुस्कान
सादोपुर गांव की मुस्कान की सफलता ने साबित कर दिया है कि यदि बेटियों को सही अवसर और प्रोत्साहन मिले तो वे हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू सकती हैं। मुस्कान ने दिल्ली यूनिवर्सिटी के गार्गी कॉलेज से बीएससी (ऑनर्स) की पढ़ाई पूरी की है। उनके पिताजी अनिल कुमार एक्टिंग के क्षेत्र में कार्यरत हैं तथा माता गृहिणी (हाउसवाइफ) हैं। मुस्कान दो बहनें हैं। उनकी छोटी बहन NEET परीक्षा की तैयारी कर रही है। ग्रामीण रोहित मत्ते ने बताया कि सादोपुर गांव की बेटियां लगातार शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं। इससे पहले भी गांव की 5 बेटियों ने सरकारी मेडिकल कॉलेजों से MBBS की पढ़ाई पूरी कर गांव और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। ग्रामवासियों ने कहा कि उन्हें अपनी बेटियों पर गर्व है। आशा है कि मुस्कान आगे चलकर देश और समाज की सेवा करते हुए गांव सादोपुर और पूरे क्षेत्र का नाम और अधिक ऊंचा करेंगी।

