द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : ईकोटेक-3 कोतवाली क्षेत्र में गाड़ी खड़ी करने को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति ने अपने पड़ोसी की हत्या कर दी। आरोप है कि ललित कुमार शर्मा ने 15 अक्टूबर को पार्टी देने के बहाने पवन शर्मा को अपनी ब्रेजा कार में बैठाया। इसके बाद शराब में नशीली गोलियां मिलाकर उसे पिला दीं। नशे की हालत में पवन का गला दबाकर हत्या कर दी और शव को छिपाने के उद्देश्य से लखनावली रोड पर फेंक दिया। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त कार, नशीली गोलियां और मृतक का टूटा हुआ मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, ललित कुमार शर्मा और पवन शर्मा पड़ोसी थे। दोनों के बीच रास्ते में गाड़ी खड़ी करने को लेकर विवाद हुआ था। इसी रंजिश में आरोपित ने पवन की हत्या की साजिश रची। 15 अक्टूबर को उसने पवन को पार्टी देने के बहाने अपनी कार में बैठाया और शराब में नशीली गोलियां मिलाकर पिला दीं। पवन के नशे में होने पर आरोपित ने उसका गला दबाकर हत्या कर दी।
लखनावली रोड पर फेंक दिया था शव
घटना की सूचना मिलने के बाद ईकोटेक-3 कोतवाली पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित ललित कुमार शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त ब्रेजा कार, नशीली गोलियां और मृतक का टूटा हुआ मोबाइल फोन बरामद हुआ है।
भट्टा पारसौल का रहने वाला है आरोपित
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपित की पहचान ललित कुमार शर्मा (43) पुत्र मनोहर लाल के रूप में हुई है। वह मूल रूप से भट्टा पारसौल, थाना दनकौर का निवासी है और वर्तमान में कुलेसरा में रह रहा था।
