-ग्रामीणों के द्वारा लंबे समय से की जा रही थी मार्ग निर्माण की मांग
-लोगों ने विधायक धीरेंद्र सिंह का जताया आभार
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: फ़लैदा बांगर-सोलडा मार्ग निर्माण की मांग ग्रामीणों के द्वारा पिछले लंबे समय से की जा रही थी। जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह के प्रयास से मार्ग निर्माण का शुभारंभ शनिवार को हो गया। यह मार्ग उत्तर प्रदेश–हरियाणा कनेक्टिविटी को मजबूत करेगा, साथ ही नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से भी कनेक्टिविटी मिलेगी। लगभग 2 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण 1 करोड़ 37 लाख रुपए की लागत से कराया जाएगा। सड़क का निर्माण शुरू होने पर ग्रामीणों ने विधायक का आभार जताया। ज्ञात हो कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दूरदर्शी और विजनरी नेतृत्व में प्रदेश में कनेक्टिविटी के क्षेत्र में निरंतर नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है।
हर क्षेत्र में मिलेगी मजबूती
जेवर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम फ़लैदा बांगर से फ़लैदा खादर मार्ग होते हुए हरियाणा राज्य के सोलडा मार्ग तक बनने वाली सड़क के नवनिर्माण कार्य का शुभारंभ आज उत्तर प्रदेश एवं हरियाणा की मातृशक्ति के करकमलों द्वारा संयुक्त रूप से संपन्न हुआ। यह सड़क उत्तर प्रदेश और हरियाणा के बीच अंतरराज्यीय संपर्क को सुदृढ़ करने के साथ-साथ नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी को भी बेहतर बनाएगी, जिससे क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा तथा व्यापार, रोजगार और स्थानीय विकास को नई गति मिलेगी। इस अवसर पर जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विकास कार्यों को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। प्रदेश में सड़कों, एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट और औद्योगिक परियोजनाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है, जिसका सीधा लाभ ग्रामीण क्षेत्रों को भी मिल रहा है। यह सड़क लंबे समय से उत्तर प्रदेश एवं हरियाणा के सीमावर्ती ग्रामों के लोगों की मांग रही है, जो आज साकार हो रही है। यह मार्ग दोनों राज्यों के सामाजिक, आर्थिक और व्यापारिक संबंधों को मजबूत करने के साथ क्षेत्रीय विकास का नया अध्याय लिखेगी।
