-नवाचार, कौशल विकास और उद्योग–शिक्षा सहयोग पर हुई वार्ता
-केंद्रीय मंत्री ने शिक्षण संस्थानों के प्रयास को सराहा
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ तकनीकी संवर्ग के प्रदेश अध्यक्ष एवं जीएनआईओटी इंस्टीट्यूशंस ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) स्वदेश कुमार सिंह ने सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से उनके आवास पर एक औपचारिक शिष्टाचार भेंट की। शिक्षा एवं प्रौद्योगिकी से जुड़े समसामयिक विषयों पर गहन एवं सार्थक चर्चा हुई। इस दौरान उच्च शिक्षा में नवाचार, कौशल विकास, उद्योग–शिक्षा सहयोग, शोध उन्मुखता तथा तकनीकी उन्नयन जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर व्यापक विचार-विमर्श किया गया। स्वदेश कुमार सिंह ने बताया कि केंद्रीय मंत्री का दूरदर्शी दृष्टिकोण, सरल व्यक्तित्व तथा राष्ट्रनिर्माण के प्रति अटूट प्रतिबद्धता शिक्षा जगत के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
प्रयास को सराहा
स्वदेश कुमार सिंह ने बताया कि नितिन गडकरी ने शिक्षा क्षेत्र में गुणवत्ता, व्यावहारिक ज्ञान, कौशल-आधारित अधिगम और तकनीकी समावेशन को सशक्त बनाने पर विशेष बल दिया। उन्होंने इस दिशा में शैक्षणिक संस्थानों द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए निरंतर नवाचार की आवश्यकता पर जोर दिया। कहा कि हर क्षेत्र में नवाचार की आवश्यकता है। इसमें युवाओं की अहम भूमिका है। नवाचार जितना अधिक होगा देश उनकी तरक्की करेगा।

