-गैंग के दो चोरों के पास से पुलिस ने बरामद की चोरी की 12 मोटर साइकिल
-दिल्ली के पालिका बाजार में बेचते थे चोरी का मोबाइल फोन
द न्यूज गली, नोएडा: नोएडा के थाना फेस-1 पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने दिल्ली-एनसीआर में दो पहिया वाहनों की चोरी करने वाले राबर्ट गैंग के दो चोरों को गिरफ्तार किया है। उनकी पहचान राहुल उर्फ रॉबर्ट और नावेद के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि राबर्ट पर दिल्ली-एनसीआर में 24 व नावेद पर 8 मुकदमें हैं। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी की 12 मोटर साइकिल बरामद की है।
इनके द्वारा आनडिमांड मोटर साइकिल चोरी की जाती थी। चोरी की मोटर साइकिल से ही चोरी व छिनैती की घटनाओं को अंजाम दिया जाता था।

पालिका बाजार में बेचते थे मोबाइल
डीसीपी नोएडा यमुना प्रसाद ने बताया कि पुलिस ने दोनों चोरों को नोएडा के सेक्टर 8 में एक खाली प्लॉट के पास से उस वक्त गिरफ्तार किया गया, जब पुलिस चेकिंग अभियान चला रही थी। चोरों के पास से जो मोटर साइकिल बरामद हुई है उसमें से 8 की पहचान हो चुकी है। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वह पहले रेकी करते थे, फिर बाइक चोरी करते और उसी चोरी की बाइक का इस्तेमाल मोबाइल स्नैचिंग में करते थे। चोरी की गाडि़यों को दूसरे अपराधियों को भी सप्लाई करते थे। जिनका इस्तेमाल लूट और हत्या जैसी वारदातों में किया जाता था। चोरी के मोबाइल को आरोपितों के द्वारा दिल्ली के पालिका बाजार में बेचा जाता था।
