द न्यूज गली, नोएडा : नोएडा की थाना सेक्टर-63 पुलिस ने मंगलवार को लंबे समय से फरार चल रहे 50,000 रुपये के इनामी आरोपी प्रकाश झा को गिरफ्तार किया है। आरोपी को सेक्टर-62 गोलचक्कर से गुप्त सूचना के आधार पर दबोचा गया। प्रकाश झा पर फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से फ्लैट बेचने और करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है।
कई ठिकाने बदले
पुलिस के अनुसार प्रकाश झा एससीसी बिल्डर प्राइवेट लिमिटेड, सेक्टर-63 नोएडा में वर्ष 2011 से एक्जीक्यूटिव पद पर कार्यरत था। उसने अपने तीन साथियों नवनीत कौर, गौरव शर्मा और विशाल कटियार के साथ मिलकर कंपनी के फर्जी दस्तावेज (बीओआर) तैयार किए और नियमों की अनदेखी कर फ्लैटों की बिक्री कर डाली। इस धोखाधड़ी में करीब 12 करोड़ रुपये की राशि गबन की गई। घटना के सामने आने के बाद कंपनी के निदेशक द्वारा 10 अगस्त 2021 को थाना फेस-3 नोएडा में प्रकाश झा व अन्य के खिलाफ केस दर्ज कराया गया।
दिल्ली में रह रहा था
मामला दर्ज होने के बाद आरोपी फरार हो गया था। पुलिस ने प्रकाश झा की गिरफ्तारी के लिए सीआरपीसी की धारा 82-83 के तहत कुर्की की कार्यवाही की थी और उस पर 50,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था। गिरफ्तार आरोपी की उम्र 42 वर्ष है और वह मूलतः एल ब्लॉक, मंगोलपुरी, दिल्ली का निवासी है। वर्तमान में वह एकता अपार्टमेंट, मुंडका, दिल्ली में रह रहा था। पुलिस द्वारा पहले ही इस मामले में प्रकाश झा के तीनों साथियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
गोपनीय जानकारियां की लीक
पुलिस ने बताया कि आरोपी द्वारा कंपनी को ब्लैकमेल करने की नीयत से उसकी गोपनीय जानकारियां भी लीक की गई थीं। फिलहाल प्रकाश झा से पूछताछ जारी है और पुलिस उसके अन्य नेटवर्क व ठिकानों की भी जानकारी जुटा रही है।
