-किसान मज़दूर संघर्ष मोर्चा का प्रयास लगाया रंग
-शेष किसानों को अगले 3 माह में मिलेगा भूखंड

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: जमीन अधिग्रहण के बाद 7 प्रतिशत के भूखंड मिलने का एक साल से इंतजार कर रहे किसानों की मांग बुधवार को पूरी हो गई। किसानों को भूखंड का आवंटन करने के लिए यमुना प्राधिकरण कार्यालय में ड्रा का आयोजन किया गया। जगनपुर व अफजलपुर के 77 किसानों को भूखंड का आवंटन हो गया। प्राधिकरण अधिकारियों ने शेष बचे किसानों को अगले 3 माह में भूखंड देने का वादा किया है। किसानों को भूखंड मिलने की मांग को किसान मज़दूर संघर्ष मोर्चा के द्वारा पिछले लंबे समय से उठाया जा रहा था। प्‍लाट मिलने पर किसानों ने संगठन का आभार जताया।

इस कारण मिला प्‍लाट
पैरीफेरल व यमुना एक्‍सप्रेस वे को कनेक्‍ट करने के लिए इंटरजेंच बनाया जा रहा है। जिसमें जगनपुर व अफजलपुर के 137 किसानों की जमीन गई थी। किसानों को जमीन का मुआवजा तो मिल गया था लेकिन 7 प्रतिशत भूखंड मिलने का इंतजार एक साल से हो रहा था। ड्रा के बाद 77 किसानों को भूखंड मिल गया, शेष 60 किसानों को कुछ माह में मिल जाएगा। इस अवसर पर संगठन के राष्‍ट्रीय महासचिव कृष्ण नागर ने कहा कि पिछले लंबे समय से संगठन का प्रयास था कि किसानों को उनके भूखंड मिले। इसके लिए लड़ाई लड़ी गई थी। संगठन के अध्यक्ष डॉक्टर विकास प्रधान ने कहा कि प्राधिकरण से प्रभावित सभी गांवों में विकास कार्य व भूखंडों का आवंटन संगठन की प्राथमिकता है। इस मौक़े पर बालकिशन नागर, श्याम लाल नागर, राजकुमार नागर, श्रीनिवास आर्य, जगत सिंह, बिजेंद्र, राजवीर सिंह सहित अन्‍य किसान उपस्थित थे।