द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: नॉलेज पार्क स्थित आईटीएस डेंटल कॉलेज में BDS-2026 एवं MDS-2026 बैच के नवप्रवेशी विद्यार्थियों के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। छात्रों को शैक्षणिक गतिविधियों से परिचित कराया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ आईटीएस एजुकेशन ग्रुप के चेयरमैन डॉ. आरपी चड्ढा द्वारा सरस्वती वंदना एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर आईटीएस एजुकेशन ग्रुप के उपाध्यक्ष सोहिल चड्ढा, सचिव बीके अरोड़ा, निदेशक जनसंपर्क सुरेंद्र सूद, प्रधानाचार्य डॉ. ओमकार के. शेट्टी, BDS एवं MDS के नवप्रवेशी विद्यार्थी, उनके अभिभावक तथा सभी विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे।कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि मौलाना आज़ाद इंस्टीट्यूट ऑफ डेंटल साइंसेज, नई दिल्ली की निदेशक-प्राचार्य प्रो. डॉ. सुनीता गुप्ता ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि दंत चिकित्सा केवल एक डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह समाज के स्वास्थ्य और मानव सेवा से जुड़ा एक महत्वपूर्ण एवं जिम्मेदारीपूर्ण क्षेत्र है। उन्होंने कहा कि एक सफल चिकित्सक बनने के लिए ज्ञान के साथ-साथ संवेदनशीलता, अनुशासन, नैतिकता और मरीजों के प्रति सहानुभूति भी आवश्यक है।

महत्वपूर्ण सेवा क्षेत्र
संस्थान के प्रधानाचार्य डॉ. ओमकार के. शेट्टी ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का हार्दिक स्वागत करते हुए कहा कि दंत चिकित्सा केवल चिकित्सा विज्ञान का एक अंग नहीं, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी और संवेदनशीलता से जुड़ा एक महत्वपूर्ण सेवा क्षेत्र है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, समर्पण एवं परिश्रम को अपने जीवन का मंत्र बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने एंटी-रैगिंग नीति, नैतिक चिकित्सा आचरण एवं पेशेवर जिम्मेदारियों के बारे में भी विद्यार्थियों को जानकारी दी। साथ ही कॉलेज की सुरक्षित एवं सहयोगी वातावरण, पाठ्यक्रम की संरचना, शिक्षण पद्धति, प्रैक्टिकल प्रशिक्षण एवं शोध के अवसरों के बारे में विस्तार से बताया। संस्थान के उपाध्यक्ष सोहिल चड्ढा ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि ओरिएंटेशन कार्यक्रम केवल एक औपचारिक शुरुआत नहीं, बल्कि उनके जीवन की एक नई और महत्वपूर्ण यात्रा का शुभारंभ है। आने वाले पाँच वर्ष उनके जीवन के सबसे महत्वपूर्ण वर्षों में होंगे। इन वर्षों में अर्जित ज्ञान, कौशल और मूल्य उन्हें न केवल सफल चिकित्सक बनाएंगे, बल्कि समाज की सेवा करने के लिए भी प्रेरित करेंगे।


