-अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के द्वारा किया जा रहा आयोजन
-युवाओं को महान स्वतंत्रता सेनानियों के इतिहास से कराया जाएगा परिचित

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के द्वारा विजय सिंह पथिक जयंती के अवसर पर संगोष्ठी एवं स्वागत समारोह का भव्‍य आयोजन 14 मार्च को रामलीला मैदान एच्‍छर ग्रेटर नोएडा में किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के युवाओं को महान स्वतंत्रता सेनानियों के इतिहास से परिचित कराना तथा समाज में शिक्षा, जागरूकता और एकता का संदेश देना है। कार्यक्रम में विजय सिंह पथिक के जीवन, उनके संघर्ष और उनके विचारों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। साथ ही समाज के विकास, शिक्षा के महत्व और युवाओं की भूमिका पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्‍य अतिथि के रूप में केंद्रीय राज्‍य मंत्री जयंत चौधरी, राज्‍यसभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर, राज्‍य मंत्री सोमेंद्र तोमर, विधान परिषद सदस्‍य अशोक कटारिया, विधायक तेजपाल नागर, एमएलसी नरेंद्र भाटी सहित अन्‍य लोगों की उपस्थिति‍ रहेगी। कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठजन और बुद्धिजीवी विजय सिंह पथिक के जीवन से जुड़े प्रेरणादायक प्रसंगों को साझा करेंगे। साथ ही युवाओं को उनके आदर्शों को अपनाने और समाज सेवा के लिए आगे आने का संदेश देंगे।

सामाजिक एकता पर चर्चा
समारोह के दौरान समाज के विकास, शिक्षा के प्रसार, युवाओं के सशक्तिकरण और सामाजिक एकता पर विशेष चर्चा की जाएगी। साथ ही यह भी संदेश दिया जाएगा कि समाज की उन्नति केवल सामूहिक प्रयासों से ही संभव है। आयोजकों ने बताया कि विजय सिंह पथिक का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनका संघर्ष हमें यह सिखाता है कि अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाना और समाज के लिए कार्य करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उनकी जयंती के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम न केवल उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने का माध्यम है बल्कि समाज को जागरूक करने और नई पीढ़ी को प्रेरित करने का भी एक महत्वपूर्ण प्रयास है। इस मौके पर अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के संरक्षक डॉ यशवीर सिंह, अध्‍यक्ष हरिश्चंद्र भाटी , जयप्रकाश विकल,  केपी कसाना, सविंदर भाटी,  रामकेश चपराना,  अशोक भाटी, मनवीर नागर,  नमित भाटी,सत्य प्रकाश विकल,  दीपक भाटी, अजय गुर्जर, अरुण भाटी सहित अन्‍य लोग मौजूद थे।