-योगी आदित्यनाथ ने कहा किसानों के सहयोग से यह क्षेत्र बनेगा इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट हब
-सेमीकंडक्टर यूनिट से हजारों लोगों को मिलेगा रोजगार
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा:नोएडा में उत्तर भारत की पहली सेमीकंडक्टर यूनिट का पिछले लंबे समय से देखा जा रहा सपना शनिवार को वास्तविक हो गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को जेवर के सेक्टर-28 में सेमीकंडक्टर यूनिट का शिलान्यास किया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री वर्चुअल जुड़े। प्रधानमंत्री ने कहा कि सेमीकंडक्टर यूनिट में जो चिप तैयार होगी वह विकास की नई आत्मा होगी। HCL और Foxconn के जॉइंट वेंचर वाली यह यूनिट उत्तर प्रदेश की पहली ऐसी सुविधा होगी जहाँ मोबाइल, लैपटॉप और कारों के लिए डिस्प्ले ड्राइवर चिप का निर्माण किया जाएगा। नरेंद्र मोदी ने कहा कि 5G, 6G, इलेक्ट्रिक व्हीकल और डिफेंस, हर सामान की आत्मा सेमीकंडक्टर है। अब हमें चिप के लिए दूसरों की तरफ नहीं देखना पड़ेगा। अपनी चिप होने से वैश्विक मैन्युफैक्चरिंग में भारत की भागीदारी बढ़ेगी।

तैयार हो रहे प्रोफेशनल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा भारत सेमीकंडक्टर डिजाइनिंग के लिए 85,000 से ज्यादा इंडस्ट्री रेडी प्रोफेशनल तैयार कर रहा है। कहा उत्तर प्रदेश कभी अपराध और पलायन के लिए जाना जाता था, आज वह एक्सप्रेस-वे और डिफेंस कॉरिडोर वाला राज्य बन चुका है।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कहा कि प्रधानमंत्री के विजन और अन्नदाता किसानों के सहयोग से ही आज यह क्षेत्र इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट हब के रूप में स्थापित हो रहा है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के तहत 13 प्रतिशत से अधिक सुधार लागू किए गए हैं, जिसका परिणाम निवेश के रूप में दिख रहा है। प्रोजेक्ट की खास बातें है कि विश्व की दिग्गज कंपनी फॉक्सकॉन और भारत की HCL का संयुक्त उपक्रम इस यूनिट को स्थापित कर रही है। जिससे से क्षेत्र में हजारों नए रोजगार के अवसर पैदा होंगे। इस अवसर पर सांसद डाक्टर महेश शर्मा, विधायक तेजपाल नागर, धीरेंद्र सिंह, जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।

