-ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने लोगों से की 31 मार्च से पहले बिल जमा करने की अपील
-31 मार्च के बाद बिल में जुड़ जाएगा पूरे साल का ब्‍याज

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा:लगातार नोटिस देने के बाद भी 29 हजार लोग ऐसे हैं जिन्‍होंने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में पानी का बिल जमा नहीं किया है। लोगों पर बकाया बिल की राशि लगभग 270 करोड़ रुपए हो गई है। ऐसे में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने अब कड़े निर्णय की ओर कदम बढ़ाया है। प्राधिकरण अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि 31 मार्च के पहले बिल का भुगतान कर दें। 31 मार्च के बाद कुल बकाया रकम पर पूरे साल का ब्याज जुड़ जाएगा प्राधिकरण अधिकारियों का कहना है कि जो लोग 31 मार्च तक बकाया बिल जमा नहीं करेंगे, उनका कनेक्शन काट दिया जाएगा। यदि पानी का कनेक्‍शन कटता है तो गर्मी शुरू होने के साथ ही हजारों लोगों के सामने पानी का संकट खड़ा हो जाएगा।

लिस्‍ट में हैं 92 सोसायटी
प्राधिकरण अधिकारियों का कहना है कि ग्रेटर नोएडा में 51 हजार से अधिक पानी के कनेक्शन हैं, जिनमें से 29 हजार से अधिक कनेक्शनों पर लगभग 270 करोड़ रुपये बकाया है। सबसे अधिक बकाया बिल्डर सोसाइटियों पर है। करीब 92 बिल्डर सोसाइटियों पर लगभग 150 करोड़ रुपये बकाया है। इसके अतिरिक्त 28 हजार से अधिक आवासीय संपत्ति, आईटी के छह, संस्थागत के 321, इंडस्ट्री के 763, 20 आवासीय समितियां और 21 कॉमर्शियल प्रॉपर्टी पर बकाया है। प्राधिकरण की तरफ से नोटिस जारी करने के बावजूद बकाया जमा नहीं कर रहे। निवासियों को परेशानी न हो, इसे ध्यान में रखते हुए प्राधिकरण के जल विभाग ने अब तक कनेक्शन नहीं काटा, लेकिन अब प्राधिकरण सख्ती की तैयारी कर रहा है, जो बकाएदार 31 मार्च तक बकाया बिल जमा नहीं करेंगे, उनका कनेक्शन काट दिया जाएगा। बकाया बिल प्राप्त करने और धनराशि जमा करने की सुविधा प्राधिकरण की वेबसाइट (https://investgnida.in/myGNIDAservices) पर उपलब्ध है । जिन आवंटियों के केवाईसी अपडेट हैं उन आवंटियों को जल शुल्क धनराशि की सूचना मैसेज व ईमेल के माध्यम से भी भेजी गई है। बकाया बिल या फिर धनराशि जमा करने के संबंध में किसी भी प्रकार की सूचना के लिए वरिष्ठ प्रबंधक जल  के मोबाइल नंबर (9205691408 ) पर संपर्क कर सूचना प्राप्त की जा सकती है।