• यमुना एक्सप्रेस वे पर 2 महीने के लिए गति सीमा की गई कम
  • 15 दिसंबर से लागू होगा नया नियम

द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : सर्दियों के मौसम में कोहरे के कारण बढ़ती दुर्घटनाओं को रोकने के लिए यमुना एक्सप्रेसवे पर वाहनों की अधिकतम गति सीमा को कम किया जाएगा। यमुना प्राधिकरण जल्द ही संचालक कंपनी जेपी इंफ्राटेक को पत्र जारी करेगा। जिससे 15 दिसंबर से पहले सभी आवश्यक प्रबंध पूरे हो सकें।

अधिकतम गति सीमा की जाएगी तय
वर्तमान में हल्के वाहनों के लिए अधिकतम गति सीमा 100 किमी प्रति घंटा और भारी वाहनों के लिए 80 किमी प्रति घंटा है। सर्दियों में इसे घटाकर हल्के वाहनों के लिए 80 किमी प्रति घंटा और भारी वाहनों के लिए 60 किमी प्रति घंटा किया जाएगा। यह नई गति सीमा 15 दिसंबर से 15 फरवरी तक लागू रहेगी।

दृश्यता कम, दुर्घटनाओं का बढ़ता खतरा
कोहरे के कारण एक्सप्रेसवे पर दृश्यता कम हो जाती है। जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। इस पहल के तहत, गति सीमा का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की जाएगी।

चालकों को किया जाएगा जागरूक
वाहन चालकों को नई गति सीमा की जानकारी देने के लिए विशेष इंतजाम किए जाएंगे। टोल प्लाजा पर साइनेज, पब्लिक एड्रेस सिस्टम और पैम्फलेट वितरण के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। जेवर टोल प्लाजा प्रबंधक जेके शर्मा ने बताया कि हर साल सर्दियों में गति सीमा घटाने का यह कदम दुर्घटनाओं को रोकने के लिए कारगर साबित होता है।