-सेक्टर में अक्टूबर में होना है RWA का चुनाव
-सेक्टर के लिए कुछ न करने वाले भी कूद रहे मैदान में
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: अल्फा दो सेक्टर में भी कई साल बाद RWA चुनाव का बिगुल बज चुका है। बिगुल बजते ही सेक्टर के हर ब्लाक की गली से चुनाव लड़ने का दावा करने वाले लोगों ने कमर कर ली है। कुछ लोगों ने बैनर-पोस्टर के माध्यम से अपनी दावेदारी भी जता दी है। अध्यक्ष पद के लिए अब तक 6 लोग मैदान में आ चुके हैं। संभावना जताई जा रही है कि दावेदारों की संख्या 10 तक पहुंचेगी। विभिन्न सेक्टरों के RWA चुनाव पर नजर दौड़ाई जाए तो इतने दावेदार अन्य किसी सेक्टर में नहीं होते हैं। चुनाव लड़ने के लिए सभी लोग अपना-अपना पैनल बना रहे हैं। चुनाव लड़ने के लिए जो लोग आगे आ रहे हैं उसमें कुछ तो ऐसे हैं जिन्हें सेक्टर में उनके आस-पास के लोग भी अच्छे से नहीं जानते हैं।
चर्चाओं का बाजार गर्म
चुनाव लड़ने के लिए मैदान में आने वाले लोगों के द्वारा सेक्टर के विकास के लिए तमाम दावे किए जा रहे हैं। अध्यक्ष पद के लिए नए-नए नाम सामने आने के बाद सेक्टर में चर्चाओं का बाजार गर्म है। लोगों का कहना है कि अल्फा दो सेक्टर में अन्य सेक्टरों के मुकाबले सबसे अधिक ठेली-पटरी लगती है। ऐसे में ठेली-पटरी से वसूली भी खूब होती है। तो कुछ लोगों की चुनाव लड़ने की मंशा इसमें होने वाले बंदरबाट में साझीदार बनने की भी हो सकती है। सेक्टर में मजबूत RWA गठन के लिए लोगों ने ऐसे प्रत्याशी को वोट देने का निर्णय लिया है जिसके द्वारा पिछले लंबे समय से सेक्टर के विकास के लिए कार्य किया गया हो और विभिन्न समस्याओं को हल कराया गया हो। ऐसे में सेक्टर का RWA चुनाव रोचक होने की उम्मीद है।
