-अभिभावक ने वीडियो जारी कर बयां किया दर्द
-मामले की शिकायत वरिष्‍ठ अधिकारियों से करने की कही बात

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: स्‍कूल व कॉलेजों में विभिन्‍न प्रकार से फाइन लगाकर छात्रों के अभिभावकों से होने वाली पैसों की वसूली रुकने का नाम नहीं ले रही है। फाइन का नया मामला ग्रेटर नोएडा के रामईश स्‍कूल का है। अभिभावक का आरोप है कि क्‍वाटर फीस समय पर जमा न करने के कारण स्‍कूल ने चार हजार रुपए का फाइन लगा दिया। साथ ही बच्‍चे को प्रैक्टिकल परीक्षा देने से भी रोक दिया। अभिभावक ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर अपना दर्द बयां किया है। मामले की शिकायत डीएम व शिक्षा विभाग के अधिकारियों से करने की बात कही है।

बयां किया दर्द
अभिभावक सुभाष भाटी का कहना है कि उनके दो बच्‍चे रामईश स्‍कूल में पढ़ते हैं। क्‍वाटर फीस समय पर जमा होने के कारण चार हजार रुपए का फाइन लगा दिया गया था। मामले में वार्ता के लिए दो दिन पूर्व वह स्‍कूल गए थे, लेकिन प्रिंसिपल या अन्‍य किसी वरिष्‍ठ से बात नहीं हो पाई। सोमवार को बच्‍चे का प्रैक्टिकल होना था। स्‍कूल वालों ने बच्‍चे को प्रैक्टिल देने से रोक दिया। सुभाष का कहना है कि बच्‍चे का फोन आने पर फीस जमा करने के लिए वह तत्‍काल स्‍कूल पहुंचे। वार्ता के बाद फाइन में दो हजार रुपए कम किए गए। उनका कहना है कि इस प्रकार से फाइन लगाना व बच्‍चे को परीक्षा से रोकना गलत है। मामले में स्‍कूल की प्रिंसिपल शिखा सिंह से वार्ता की गई, उन्‍होंने मामले को दिखवाने की बात कही।