-बाजार में दूषित खाद्य पदार्थों की बिक्री ने पकड़ा जोर
-होली के त्‍योहार को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग की टीम हुई अलर्ट

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: होली का त्‍योहार नजदीक आने के साथ ही बाजार में दूषित व मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री शुरू हो गई है। त्‍योहार पर लोगों को शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्‍ध कराने के लिए खाद्य विभाग की टीम भी सतर्क हो गई है। विभाग के द्वारा अलग-अलग टीमों का गठन कर शहर के साथ ही ग्रामीण क्षेत्र की दुकानों पर भी जांच शुरू कर दी गई है। विभाग की टीम ने विभिन्‍न स्‍थानों पर जांच कर खाद्य पदार्थों के 5 नमूने एकत्र कर जांच के लिए लैब भेजे। साथ ही कई स्‍थानों पर खाद्य पदार्थों को सीज भी किया गया।

नष्‍ट कराया 100 किलो रसगुल्‍ला
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि टीम ने रसूलपुर नवादा सेक्टर 62 नोएडा स्थित सम्यक मिठाईवाला के प्रतिष्ठान पर प्रदूषित एवं मक्खी मच्छर पड़े हुए लगभग 100 किग्रा गुलाब जामुन पाए गए, उसका 1 नमूना लेकर शेष गुलाबजामुन को नष्ट करा दिया गया। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी वीरेंद्र द्विवेदी के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार, रविन्द्र नाथ वर्मा, विजय बहादुर पटेल एवं सय्यद इबादुल्लाह की टीम द्वारा जे0- 81 यूपीसीडा इंडस्ट्रियल एरिया साइट 5 कासना ग्रेटर नोएडा स्थित जानकी बल्लभ फूड्स प्राइवेट लिमिटेड खाद्य तेल निर्माण इकाई से रिफाइंड सोयाबीन ऑयल 750 ग्राम के (Nutriglow ब्रांड) का 1 नमूना, 13 किग्रा इसी ब्रांड के पैक्ड टीन से रिफाइंड सोयाबीन तेल का 1 नमूना तथा इसी ब्रांड के 750 ग्राम के पैक्ड रिफाइंड पॉमोलिन ऑयल का 1 नमूना लिया एवं fortification किए बिना सभी पर फोर्टिफिकेशन का लोगो अंकित करने तथा बैच नंबर आदि के अभिलेख मौके पर उपलब्ध न कराये जाने के कारण 291 टीन रिफाइंड सोयाबीन ऑयल के, 3968 पैक्ड पाउच रिफाइंड सोयाबीन ऑयल के तथा 6995 पैक्ड पाउच रिफाइंड पॉमोलिन ऑयल के सीज कराया गया। इसी प्रतिष्ठान में 15 किग्रा (nutrilive Gold ब्रांड ) के 91 टीन रिफाइंड पॉमोलिन के अन्य कंपनी के ट्रेडिंग के लिए एक्सपायर्ड तिथि के भी पाए गये, जिससे 1 नमूना लेकर शेष 91 टीन को सीज कर दिया गया। एकत्र किए गए कुल 5 नमूनें लेकर जांच हेतु प्रयोगशाला भेजे गए हैं।