
-विधायक धीरेंद्र सिंह के साथ पहुंचा विदेशी प्रतिनिधि मंडल
-किसानों ने विधायक के सामने रखी विभिन्न मांग
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: दक्षिण कोरिया के निवेशकों के प्रतिनिधि मंडल ने जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह के साथ जेवर में बन रहे नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का भ्रमण किया। विदेशियों ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विकास के मॉडल की सराहना भी की। कहा कि योगी आदित्यनाथ बहुत अच्छा काम कर रहे हैं। निवेशकों को उत्तर प्रदेश पसंद आ रहा है। धीरेन्द्र सिंह ने कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश की अभूतपूर्व तरक्की से विदेशी भी प्रभावित हैं। आने वाले समय में प्रदेश के विकास में नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का विशेष योगदान होगा। दक्षिण कोरिया के प्रतिनिधिमंडल में यंग क्वान किम, ह्योन ली, सुनील कुमार आदि लोग मौजूद थे।
किसानों ने रखी समस्या
विधायक धीरेंद्र सिंह ने पारसौल गांव में आयोजित विभिन्न ग्रामों के किसानों की एक पंचायत में पहुंचे। जहां यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के ओएसडी शैलेंद्र सिंह भी मौजूद थे। किसानों ने अपनी पुरानी बनी आबादियों को छोड़े जाने और मुआवजा संबंधी प्रकरणों में जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह से विस्तृत चर्चा की। धीरेंद्र सिंह ने किसानों से कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार आपके साथ है। आप सभी की समस्याओं का समाधान किया जाएगा। प्रदेश के विकास में किसानों का अहम योगदान है। जेवर विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है।