-शिकायत के बाद सेक्‍टर में पानी की सप्‍लाई की गई बंद
-सेक्‍टर के लोग खरीदकर पानी मंगाने को हुए विवश

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: हाल ही में सेक्‍टर डेल्‍टा व अल्‍फा में गंदे पानी की सप्‍लाई से बड़ी संख्‍या में लोग बीमार पड़े थे। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ द्वारा मामले का संज्ञान लिए जाने के बाद प्राधिकरण के आला अधिकारियों की टीम मैदान में उतरी थी। व्‍यवस्‍था में सुधार के बड़े दावे किए गए थे। शनिवार को ओमीक्रान वन ए सेक्‍टर के कई घरों में काले व बदबूदार पानी की आपूर्ति हुई। लोगों का कहना है कि यह सीवर का पानी है। यही गंदा पानी कई घरों के पानी की टंकी में पहुंच गया। सेक्‍टर के आरडब्‍ल्‍यूए अध्‍यक्ष योगेंद्र मावी का कहना है कि मामले की शिकायत के लिए सीनियर मैनेजर को कई बार फोन किया गया लेकिन वह फोन नहीं उठा रहे हैं।

बीमारी का खतरा
योगेंद्र मावी का कहना है कि सी ब्‍लाक के कई घरों में गंदे पानी की सप्‍लाई हुई है। सप्‍लाई में आने वाला पानी पूरी तरह से काला है, कहीं न कहीं यह सीवर का पानी है। उनका कहना है कि शिकायत के बाद पानी की सप्‍लाई को बंद तो करा दिया गया लेकिन मौके पर कोई अधिकारी नहीं पहुंचा। पूर्व में विभिन्‍न सेक्‍टरों में गंदे पानी की सप्‍लाई से काफी लोग बीमार हुए थे, ऐसे में ओमीक्रान वन ए सेक्‍टर में गंदे पानी की सप्‍लाई के बाद लोगों को बीमारी फैलने का डर सताने लगा है।