-धीरेंद्र सिंह ने कहा नागरिकों को सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राधिकरण की प्राथमिकता
-शादी व अन्‍य कार्यक्रम आयोजन में लोगों को मिलेगी सुविधा

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: सेक्टर 36, सेक्टर 37 व स्वर्णनगरी में कन्‍यूनिटी सेंटर की मांग लोगों के द्वारा पिछले लंबे समय से की जा रही थी। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने तीनों सेक्‍टर में कम्‍यूनिटी सेंटर तैयार करा दिया था। शनिवार को विधायक धीरेन्द्र सिंह ने कम्युनिटी सेंटरों का शुभारंभ किया। इस अवसर पर विधायक ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सेक्टरवासियों के लिए कम्युनिटी सेंटर की लंबे समय से आवश्यकता थी। इनके निर्माण से विवाह, सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन में निवासियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि नागरिकों को मूलभूत एवं आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राधिकरण की प्राथमिकता है। सेक्टर 37 स्थित कम्युनिटी सेंटर के उद्घाटन के दौरान विधायक ने इसके नामकरण मैत्रेयी किए जाने की घोषणा की। उन्होंने क्षेत्रवासियों से शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में सक्रिय योगदान देने की अपील की।

जल्‍द मिलेगा एक और उपहार
कार्यक्रम के दौरान विधायक ने लोगों को बताया कि सेक्टर-37 में विश्वस्तरीय स्टेडियम बनाने की योजना आगे बढ़ रही है। जल्‍द ही इसका उपहार भी लोगों को मिल जाएगा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के परियोजना विभाग के वर्क सर्किल-5 के वरिष्ठ प्रबंधक रतिक ने बताया कि सेक्टर 36, सेक्टर 37 एवं स्वर्णनगरी में लगभग 9.14 करोड़ रुपये की लागत से तीनों कम्युनिटी सेंटरों का निर्माण कराया गया है। सभी कम्युनिटी सेंटर दो मंजिला हैं, जिनमें कॉमन हॉल, लाइब्रेरी, कार्यालय कक्ष, महिला-पुरुष शौचालय तथा पार्किंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान आरडब्ल्यूए प्रतिनिधि, स्थानीय निवासी तथा प्राधिकरण के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।