-मिशन शक्ति के तहत नोएडा स्‍टेडियम में आयोजित किया गया कार्यक्रम
-दौड़ के माध्‍यम से दिया सकारात्‍मक संदेश

द न्‍यूज गली, नोएडा: मिशन शक्ति के तहत रन फॉर एंपावरमेंट का आयोजन नोएडा स्टेडियम में किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्‍या में महिला पुलिसकर्मियों के साथ ही स्‍कूल की छात्राओं व अन्‍य लोगों ने हिस्‍सा लिया। स्‍टेडियम के गेट नंबर 4 से शुरू होकर दौड़ विभिन्‍न रास्‍तों से होते हुए स्‍टेडियम में ही समाप्‍त हुई। रन फॉर एंपावरमेंट के माध्‍यम से नारी सम्मान और सशक्तीकरण का संदेश फैलाया गया। दौड़ को सांसद डाक्‍टर महेश शर्मा ने हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। ज्ञात हो कि प्रदेश में मिशन शक्ति के तहत महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें जागरूकता अभियान, कल्याणकारी योजनाएं और महिलाओं की समस्याओं का त्वरित समाधान शामिल है।


विभिन्‍न नंबरों की दी जानकारी
दौड़ में शामिल महिलाओं ने हाथों में विभिन्न जागरूकता प्लेकार्ड्स लिया था। जिस पर सरकार के द्वारा चलाई जा रही विभिन्‍न योजनाओं के नंबरों जैसे 1090, 1098, 1076, 112, 108, 102, 181 आदि नंबर लिखे हुए थे। इस अवसर पर जॉइंट सीपी राजीव नारायण मिश्रा ने कहा कि रन फॉर एंपावरमेंट में शामिल हुई प्रतिभागियों ने नारी सशक्तीकरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। इस दौड़ ने न केवल जागरूकता फैलाई, बल्कि समाज में महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के प्रति एक सकारात्मक संदेश भी दिया। मिशन शक्ति 5.0 के तहत उत्तर प्रदेश सरकार और पुलिस द्वारा किए जा रहे ये प्रयास महिलाओं को सुरक्षित और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।