-अस्पताल को एनओसी जारी होने पर भी आरडब्ल्यूए ने खड़ा किया सवाल
-नियम का पालन न करने पर जुर्माना लगाने की मांग
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के नियम के तहत बिना पार्किंग सुविधा के अस्पताल का संचालन नहीं हो सकता है, लेकिन डेल्टा एक सेक्टर में ग्रीन सिटी अस्पताल का संचालन बिना पार्किंग के ही हो रहा है। अस्पताल में आने वाले लोगों के वाहन सेक्टर में मुख्य सड़कों व लोगों के घरों के सामने खड़े रहते हैं। जाम लगने से लोगों को आए दिन परेशानी का सामना करना पड़ता है। डेल्टा एक सेक्टर की आरडब्ल्यूए ने मामले में विरोध दर्ज कराते हुए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में ज्ञापन सौंपा है। अस्पताल प्रबंधन पर जुर्माना लगाने की मांग की है।
कैसे मिली एनओसी
ज्ञापन में कहा गया है कि अस्पताल के बेसमेंट में पार्किंग बनाई जाती है लेकिन ग्रीन सिटी अस्पताल के बेसमेंट में लैब व ओपीडी का संचालन हो रहा है। आरडब्ल्यूए अध्यक्ष प्रमोद भाटी का कहना है कि अस्पताल को एनओसी तभी दी जाती है जब वहां पर पार्किंग की सुविधा हो। ऐसे में बड़ा सवाल यह भी है कि पार्किंग की सुविधा न होने के बाद भी अस्पताल को एनओसी कैसे जारी कर दी गई। मांग की है कि अस्पताल में जब तक पार्किंग की व्यवस्था न हो इसे बंद करा दिया जाए।
