-व्यवस्था में सुधार की लोगों के द्वारा एक साल से की जा रही मांग
-सोसायटी प्रबंधन के प्रति लोगों में भारी नाराजगी
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा वेस्ट की श्री राधा स्काई गार्डेन सोसायटी में रहने वाले लोगों ने सोसायटी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा किया है। सोसायटी में अनधिकृत वाहनों तथा व्यक्तियों की निर्बाध आवाजाही के कारण लोग परेशान हैं। लोगों का कहना है कि पिछले लगभग एक साल से व्यवस्था में सुधार के लिए मेंटेनेंस प्रबंधन से लगातार मांग की जा रही है। बैठक में मेंटेनेंस प्रबंधन हर बार आश्वासन देना है लेकिन कोई सुधार नहीं हो रहा है। इस कारण सोसायटी में रहने वाले लोगों में भारी नाराजगी है।
मिल रहा सिर्फ आश्वासन
सोसायटी निवासियों का कहना है कि मार्च 2025 से फरवरी 2026 तक कई बार लिखित शिकायतें एवं ईमेल भेजे गए, जिनमें प्रवेश नियंत्रण प्रणाली लागू करने, अनधिकृत वाहनों पर रोक लगाने तथा सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की गई। साथ ही फोन कॉल, व्हाट्सएप संदेश एवं बैठकों के माध्यम से भी समस्या उठाई गई, लेकिन अब तक कोई स्पष्ट कार्ययोजना या समय-सीमा जारी नहीं की गई। सोसायटी निवासी मुकेश कुमार का कहना है कि 6 फरवरी को मेंटेनेंस कार्यालय में आयोजित बैठक में प्रबंधन द्वारा शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया गया था, परंतु अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। कार स्टिकर एवं प्रवेश नियंत्रण प्रणाली किसी भी आवासीय परिसर की मूलभूत सुरक्षा व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है और इसकी अनदेखी से सुरक्षा जोखिम बढ़ सकता है। निवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो मामले को प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के समक्ष उठाया जाएगा।
