
– सम्राट मिहिर भोज सिटी पार्क में 2 मार्च तक चलेगी प्रदर्शनी
– विशेष लाइट एंड साउंड शो का किया जाएगा आयोजन
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: विभिन्न फूलों की सुंदरता का आनंद लेने के लिए सम्राट मिहिर भोज पार्क (सिटी पार्क) पुष्पोत्सव-2025 का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रदर्शनी 2 मार्च तक चलेगी। पुष्पोत्सव में फूलों से ही विभिन्न आकृति तैयार की गई है। प्रदर्शन में स्कूल, कॉलेज, सोसायटी व अन्य के द्वारा हिस्सा लिया जा रहा है। शुक्रवार को एसीईओ सौम्य श्रीवास्तव ने दीप प्रज्वलित कर पुष्पोत्सव 2025 का शुभारंभ किया। इस अवसर पर एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस सहित अन्य लोग मौजूद थे। इस वर्ष का पुष्पोत्सव की थीम गेंदा फूल (मैरीगोल्ड) है, जो सकारात्मक तथा शांति का प्रतीक है।
प्रतियोगिता का होगा आयोजन
सम्राट मिहिर भोज पार्क में लगभग 5 एकड़ में फूलों की विभिन्न प्रजातियां, खूबसूरत पुष्प डिजाइन, लैंडस्केपिंग और सजावट की गई है। पुष्पोत्सव के दौरान लाइव संगीत, नृत्य-कला, नुक्कड़ नाटक, फोटोग्राफी और पेंटिंग प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा। तीनों दिन शाम 7 से 9 बजे तक विशेष लाइट एंड साउंड शो प्रस्तुत किया जाएगा। प्रदर्शनी के प्रमुख आकर्षणों में फूलों से बनी भगवान बुद्ध की प्रतिमा, इंडिया गेट का मॉडल तथा पशु-पक्षियों के फूलों से बने मॉडल शामिल हैं। पुष्प प्रदर्शनी में फूल, सजावटी पौधे, बीज, गमले और अन्य बागवानी उत्पादों की 65 से अधिक दुकानें लगाई गई हैं। जहां लोग अपनी पसंद के फूल और पौधे खरीद सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान सिटी पार्क रात 9 बजे तक खुला रहेगा।