द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : थाना ईकोटेक तीन क्षेत्र के सैनी गांव में आज दोपहर एक मकान के निर्माण के लिए लगाई गई शटरिंग अचानक भर भराकर गिर गई। मौके पर मौजूद एक 6 वर्षीय बच्चा शटरिंग के नीचे दब गया। उसे गंभीर हालत में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर उसकी मौत हो गई।

छह साल का था बच्चा
पुलिस ने बताया कि थाना ईकोटेक- तीन क्षेत्र के सैनी गांव में एक व्यक्ति का मकान का निर्माण हो रहा है। मकान के निर्माण के लिए शटरिंग लगाई गई थी। उन्होंने बताया कि आज दोपहर को अचानक शटरिंग नीचे गिर गई। वहां खड़ा एक 6 वर्षीय बच्चा अहम पुत्र वारिस शटरिंग के नीचे दब गया। उसे गंभीर चोट आई। उपचार के लिए उसको अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।